Movie prime

क्या है रणवीर शौरी की नई वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' का राज?

रणवीर शौरी अपनी नई वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' के साथ दर्शकों के सामने आ रहे हैं, जिसमें वह एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं जो पिरामिड स्कीम के जाल में फंस जाता है। इस शो में समाज के उन लोगों की भावनाओं और संघर्षों को दर्शाया गया है, जो अपने सपनों को दबाकर जीते हैं। रणवीर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे पहले लोग इन स्कीम्स के प्रति जागरूक नहीं थे। जानें इस दिलचस्प कहानी के बारे में और क्या है इस सीरीज में खास।
 
क्या है रणवीर शौरी की नई वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' का राज?

रणवीर शौरी की नई वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम'


मुंबई, 5 जून। वर्तमान समय में तेजी से धन कमाने के लिए पिरामिड स्कीम्स और मल्टी-लेवल मार्केटिंग जैसे मॉडल अक्सर चर्चा का विषय बनते हैं। कई लोग अधिक लाभ की उम्मीद में इन स्कीम्स का हिस्सा बन जाते हैं, लेकिन अंततः उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इस मुद्दे को उजागर करने के लिए अभिनेता रणवीर शौरी अपनी नई वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' लेकर आए हैं।


शो के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में रणवीर ने अपनी व्यक्तिगत जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह भी कभी ऐसी स्कीम के संपर्क में आ चुके हैं।


रणवीर शौरी ने कहा, "अपने शुरुआती करियर में मैंने एक ऐसी कंपनी को नजदीक से देखा था, जो पिरामिड स्कीम के सिद्धांत पर काम कर रही थी। उस समय मेरा टीवी करियर शुरू नहीं हुआ था और मैं विभिन्न इवेंट्स में भाग लेता था। एक बार मैं ऐसी ही एक कंपनी के इवेंट में गया था। हालांकि, मैंने कभी उस स्कीम का हिस्सा बनने या उसमें निवेश करने का निर्णय नहीं लिया, लेकिन उसके कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा।"


उन्होंने आगे कहा, "उस समय लोगों के पास आज की तरह जानकारी और जागरूकता नहीं थी। इंटरनेट और सोशल मीडिया का प्रभाव भी सीमित था, जिससे कई लोगों को ये स्कीमें एक आकर्षक करियर विकल्प लगती थीं। तब लोगों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि वे कम समय में बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। आज की स्थिति में लोग अधिक समझदार हो गए हैं और किसी भी निवेश या कमाई के मॉडल को अपनाने से पहले उसकी पूरी जानकारी लेने का प्रयास करते हैं।"


रणवीर ने अपनी नई सीरीज में निभाए गए किरदार के बारे में बताया, ''यह भूमिका मेरे लिए बहुत खास है। मैं मनोज श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति का किरदार निभा रहा हूं, जो उन लाखों आम लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, जो जीवन की जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को दबा देते हैं। कई लोग अपने परिवार का खर्च उठाने, बच्चों की परवरिश करने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि उनके व्यक्तिगत सपने पीछे रह जाते हैं।''


उन्होंने कहा, ''ऐसे लोगों के भीतर बेहतर जीवन पाने की उम्मीद हमेशा बनी रहती है। यही उम्मीद कई बार उन्हें ऐसे अवसरों की ओर खींच ले जाती है, जो बाहर से बहुत आकर्षक लगते हैं। शो में मेरा किरदार भी इसी उम्मीद के चलते एक पिरामिड स्कीम के जाल में फंस जाता है। यह कहानी समाज के एक बड़े वर्ग की भावनाओं और संघर्षों को दर्शाती है।''


रणवीर ने कहा, "जब मुझे यह भूमिका ऑफर की गई, तो मैं बहुत खुश हुआ। मेरे लिए यह सम्मान की बात थी कि निर्माताओं ने इस महत्वपूर्ण किरदार के लिए मुझे चुना। इस किरदार को निभाना आसान नहीं था, क्योंकि इसमें आम आदमी की भावनाओं, उम्मीदों और कमजोरियों को सच्चाई के साथ दिखाना था। इस भूमिका को सफलतापूर्वक निभाने का श्रेय शो के निर्देशकों को जाता है। उन्होंने हर कदम पर मार्गदर्शन किया। अगर मुझे निर्देशकों का सहयोग नहीं मिलता, तो शायद मैं इस भूमिका के साथ न्याय नहीं कर पाता।"


'द पिरामिड स्कीम' का निर्माण 'द वायरल फीवर' द्वारा किया गया है। इस सीरीज को श्रेयांश पांडे ने तैयार किया है, जबकि इसका निर्देशन आशीष आर शुक्ला और श्रेयांश पांडे ने मिलकर किया है। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।


OTT