बादशाह ने 'टटीरी' गाने के विवाद पर मांगी माफी, जानें क्या कहा!
बादशाह का माफी का वीडियो
मुंबई, 7 मार्च। प्रसिद्ध रैपर और गायक बादशाह ने अपने हालिया हरियाणवी गाने 'टटीरी' के लिरिक्स और वीडियो को लेकर उठे विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि गाने के कुछ हिस्सों ने कई लोगों, विशेषकर हरियाणा के निवासियों की भावनाओं को आहत किया है।
बादशाह ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में वह कहते हैं, "नमस्ते दोस्तों, मैं बादशाह हूं। मेरा नया गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ है और मैंने देखा है कि इसके कुछ लिरिक्स और विजुअल्स ने कई लोगों को, खासकर मेरे हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंचाई है। मैं खुद हरियाणा से हूं और मुझे गर्व है कि मैं हरियाणवी हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "हिप-हॉप शैली में लिरिक्स अक्सर प्रतिद्वंद्वियों को नीचा दिखाने के लिए होते हैं, लेकिन यह किसी महिला या बच्चे के लिए नहीं था। मैंने हमेशा हरियाणा की संस्कृति और बोली को बढ़ावा देने की कोशिश की है। अगर किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। मुझे हरियाणा का बेटा समझकर आप मुझसे माफ करेंगे, ऐसी उम्मीद करता हूं।"
गाना 1 मार्च 2026 को लॉन्च हुआ था, जिसमें बादशाह ने सिमरन जगलन के साथ परफॉर्म किया। इस हरियाणवी हिप-हॉप ट्रैक के कुछ लिरिक्स और वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने लड़कियों के दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हुई। कई लोगों ने इसे आपत्तिजनक और अश्लील करार दिया।
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए बादशाह को समन जारी किया है। पंचकूला के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और गाने का वीडियो यूट्यूब से हटा दिया गया है। पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
.png)