Movie prime

चंकी पांडे ने साझा की जीनत अमान की फिल्म देखने की अनोखी कहानी!

अभिनेता चंकी पांडे ने डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' में जीनत अमान की फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' देखने के लिए बुर्का पहनने की मजेदार कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने 15 साल की उम्र में इस एडल्ट-रेटेड फिल्म को देखने के लिए कई बार कोशिश की, लेकिन हर बार बाहर फेंक दिए गए। जानें इस दिलचस्प किस्से के बारे में और जीनत के फैशन पर उनके प्रभाव के बारे में।
 

चंकी पांडे की मजेदार यादें

मुंबई, 5 सितंबर। अभिनेता चंकी पांडे ने डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के पांचवे सीजन के सेट पर अपनी टीनएज की एक दिलचस्प घटना साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने मशहूर अभिनेत्री जीनत अमान की फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' देखने के लिए बुर्का पहनकर थिएटर में प्रवेश किया।


चंकी ने याद किया कि वह सिनेमा हॉल में घुसने के लिए बुर्का पहनकर गए थे ताकि वह 1978 में रिलीज हुई 'सत्यम शिवम सुंदरम' देख सकें।


यह किस्सा उन्होंने उस एपिसोड में साझा किया, जिसमें जीनत अमान एक विशेष अतिथि के रूप में शामिल थीं।


अपनी टीनएज के दिनों को याद करते हुए चंकी ने कहा कि जब वह सिर्फ 15 साल के थे, तब उन्होंने बार-बार इस एडल्ट-रेटेड फिल्म को देखने की कोशिश की।


उन्होंने कहा, “जीनत, आपको पता है कि मैं पहली बार लड़की भी आपकी वजह से बना, भगवान कसम। आपकी जो फिल्म लगी थी 'सत्यम शिवम सुंदरम,' वो एक एडल्ट फिल्म थी। तब मैं 15 वर्ष का था, तब भी मैंने सिनेमा थिएटर में जाने के लिए तीन-चार बार कोशिश की, लेकिन हमेशा मुझे बाहर फेंक देते थे। फिर अंत में मैंने बुर्का पहन के चला गया।”


इस एपिसोड में कोरियोग्राफर और जज टेरेंस लुईस ने भी जीनत के फैशन पर उनके प्रभाव को याद किया। उन्होंने जीनत के पीले सनग्लासेस और उनके सरल लेकिन आकर्षक स्टाइल की चर्चा की।


टेरेंस ने कहा, “जीनत, जो आपने पीला सनग्लासेस पहना था, मैं उसे नहीं भूल सकता। यह बहुत सिंपल, लेकिन बहुत स्ट्राइकिंग था और आप बहुत बढ़िया लग रही थीं। मुझे लगता है कि पूरा फैशन उस सेफ जोन में वापस आ गया है।”


जीनत ने बताया कि यह लुक उन्होंने खुद तैयार किया था। इसके अलावा, उन्होंने काठमांडू में 'सत्यम शिवम सुंदरम' की शूटिंग के दौरान के अनुभवों को भी साझा किया।


गौरतलब है कि 'सत्यम शिवम सुंदरम: लव सबलाइम' को 1978 में राज कपूर ने निर्देशित किया था, जिसमें जीनत अमान और शशि कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। जीनत ने फिल्म में रूपा का किरदार निभाया था, जो एक गांव की महिला थी। यह फिल्म अपने संगीत के लिए भी जानी जाती है, जिसमें 'सत्यम शिवम सुंदरम' शीर्षक गीत हिंदी सिनेमा के सबसे प्रसिद्ध गानों में से एक बन गया।


OTT