क्या है 'तुम से तुम तक' के नए ट्रैक का राज? जानें निहारिका चौकसे की खास बातें!
नए ट्रैक की शूटिंग सिंगापुर में
मुंबई, 18 जून। टीवी शो 'तुम से तुम तक' में एक नया और रोमांचक ट्रैक जोड़ा जा रहा है, जिसे लेकर शो की मुख्य अभिनेत्री निहारिका चौकसे बेहद उत्साहित हैं। इस नए ट्रैक में उनके साथ अभिनेता शरद केलकर भी दिखाई देंगे, जिससे कहानी में एक नया मोड़ आएगा।
निहारिका चौकसे ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''इस शो का आने वाला हनीमून ट्रैक मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि यह कहानी का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। यह बदलाव मेरे किरदार 'अनु' और शरद केलकर के किरदार 'आर्य' की कहानी में एक नया आयाम लाएगा। इस ट्रैक में दोनों पात्रों को एक साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।''
उन्होंने आगे कहा, "यह कहानी का वह हिस्सा है, जहां अनु और आर्य अपनी रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर, अपने रिश्ते को समझने की कोशिश करेंगे। इस दौरान उनके बीच भावनात्मक संबंध और भी मजबूत होंगे, जिससे दर्शकों को उनके रिश्ते का एक नया पहलू देखने को मिलेगा।''
निहारिका ने दर्शकों के प्यार को कलाकारों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा, "अनु और आर्य की जोड़ी को दर्शकों से जो प्रतिक्रिया मिल रही है, वह हमारी पूरी टीम के लिए उत्साहवर्धक है। इसी प्यार के चलते हम और मेहनत कर रहे हैं ताकि कहानी को और बेहतर तरीके से पेश किया जा सके।"
उन्होंने बताया कि इस विशेष ट्रैक की शूटिंग के लिए पूरी टीम जल्द ही सिंगापुर जाने वाली है। यह शूटिंग जुलाई में होगी और लगभग एक सप्ताह तक चलेगी। विदेश में शूटिंग करना हमेशा एक नया अनुभव होता है, क्योंकि वहां का माहौल और काम करने का तरीका सब कुछ अलग होता है। इस वजह से पूरी टीम में काफी उत्साह है।
निहारिका ने कहा, ''जब टीम किसी नए देश में शूटिंग करती है, तो उनकी बॉन्डिंग और भी मजबूत हो जाती है। हालांकि ऐसे शेड्यूल थकाने वाले हो सकते हैं, लेकिन नए अनुभव और टीम के साथ बिताया गया समय इसे यादगार बना देता है।''
.png)