क्या है 'गोलू गुप्ता' का जादू? श्वेता त्रिपाठी ने साझा किए अपने अनुभव
श्वेता त्रिपाठी का गोलू गुप्ता किरदार
मुंबई, 25 मार्च। डिजिटल प्लेटफार्मों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच, वेब सीरीज दर्शकों के बीच खासा पसंद की जा रही हैं। इनमें से कई किरदार ऐसे होते हैं जो दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना लेते हैं। ऐसा ही एक किरदार है 'गोलू गुप्ता', जिसे श्वेता त्रिपाठी ने 'मिर्जापुर' में निभाया। इस किरदार को दर्शकों से भरपूर सराहना मिली है। अब जब इस सीरीज को फिल्म में बदलने की योजना बनाई जा रही है, श्वेता ने अपने अनुभव साझा किए हैं।
फिल्म में भी श्वेता एक बार फिर 'गोलू गुप्ता' के रूप में नजर आएंगी। उन्होंने कहा, ''यह किरदार मेरे लिए बहुत खास है। गोलू के माध्यम से मुझे दर्शकों का प्यार, एक नई पहचान, और कई नए अवसर मिले हैं, जिनकी यादें मैं हमेशा अपने साथ रखूंगी। इस किरदार के साथ मेरा सफर लगभग आठ साल का रहा है, जो मेरे करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।''
अपने अनुभवों को साझा करते हुए श्वेता ने कहा, ''जब मैंने पहली बार गोलू का किरदार निभाया, तब वह एक शांत, समझदार और पढ़ाई में विश्वास रखने वाली लड़की थी। वह ज्यादा बोलती नहीं थी, बल्कि सोच-समझकर कदम उठाने वाली थी। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ी, गोलू का किरदार भी विकसित होता गया और वह परिस्थितियों के अनुसार और मजबूत बनती गई। एक ही किरदार के साथ इतने सालों तक जुड़ना किसी भी कलाकार के लिए खास होता है, और मैं खुद को इसके लिए भाग्यशाली मानती हूं।''
श्वेता ने आगे कहा, ''जब 'मिर्जापुर' का पहला सीजन रिलीज हुआ, तब दर्शकों की प्रतिक्रियाएं पढ़कर मुझे बहुत खुशी हुई। कई लोगों ने गोलू के किरदार की तारीफ की। जहां पूरी कहानी में हिंसा और तनाव था, वहीं गोलू का शांत और समझदार स्वभाव दर्शकों को भाया। यही बातें इस किरदार को खास बनाती हैं।''
समय के साथ इस किरदार के प्रति लोगों का प्यार और बढ़ता गया। श्वेता ने कहा, ''आज भी जब लोग मुझे 'गोलू दीदी' कहकर बुलाते हैं, तो मुझे बहुत अच्छा लगता है। यह सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि दर्शकों का प्यार है। इस किरदार ने मुझे न केवल एक अभिनेत्री के रूप में आगे बढ़ाया, बल्कि एक इंसान के रूप में भी बहुत कुछ सिखाया है।''
.png)