क्या 'हप्पू की उलटन पलटन' में कटोरी अम्मा का सफर खत्म? हिमानी शिवपुरी ने दी भावुक विदाई!
कटोरी अम्मा का सफर समाप्त
मुंबई, 5 मार्च। प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक 'हप्पू की उलटन पलटन' में कटोरी अम्मा का किरदार निभाने वाली हिमानी शिवपुरी ने अपने फैंस को सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी दी है कि वह अब इस शो का हिस्सा नहीं रहेंगी। उन्होंने बताया कि यह भूमिका उनके लिए हमेशा विशेष रहेगी।
हिमानी ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि इस शो में उनका सात साल का सफर अब समाप्त हो गया है। उन्होंने इसे अपने 35 साल के करियर का सबसे महत्वपूर्ण और लंबा किरदार बताया।
हिमानी शिवपुरी ने चार दशकों से अधिक समय से हिंदी फिल्म और टीवी उद्योग में काम किया है। उन्होंने 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'परदेस', 'हीरो नंबर-1', 'कभी खुशी कभी गम', और 'कोयला' जैसी कई सफल फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने लिखा, "सात साल का सफर खत्म हुआ। मेरे 35 साल के करियर में 200 से अधिक फिल्में, 50 टीवी शो और थिएटर का अनुभव है, लेकिन 'हप्पू की उलटन पलटन' की कटोरी अम्मा हमेशा मेरे दिल में एक खास स्थान रखेगी।"
उन्होंने दर्शकों से मिले अपार प्यार को इस किरदार की खासियत बताया। जहां भी वह जातीं, लोग उनके प्रसिद्ध संवाद जैसे "नींबू निचोड़ दूंगी" और "नासपीटा" के साथ-साथ उनकी पुरानी फिल्मों के संवादों को याद करते थे।
कॉमेडी शो 'हप्पू की उलटन पलटन' में कटोरी अम्मा, हप्पू सिंह की सख्त लेकिन प्यारी मां का किरदार निभाती हैं, जिनके संवाद हर घर में मशहूर हैं। हिमानी ने शो के निर्माताओं का धन्यवाद करते हुए कहा, "मैं लेखकों, विशेषकर मनोज संतोषी, निर्देशकों और निर्माताओं को इस खूबसूरत और बहुआयामी किरदार के लिए दिल से धन्यवाद देती हूं।"
उन्होंने पूरी टीम को याद करते हुए को-एक्टर्स, मेकअप, हेयर, कॉस्ट्यूम, सेट और स्पॉट बॉयज को दिए गए प्यार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेट पर मौजूद कुत्तों को भी याद करते हुए कहा कि उन्हें खाना खिलाना और प्यार करना हमेशा याद रहेगा।
हिमानी ने अपने पोस्ट में कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें शो के सेट पर बिताए खुशी के पल कैद हैं। एक तस्वीर में टीम केक काटते हुए नजर आ रही है, जबकि दूसरी में को-स्टार्स के साथ मजेदार पोज देती दिख रही हैं। एक और तस्वीर में वह पारंपरिक कपड़ों में मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। ये तस्वीरें शो के दौरान बिताए यादगार पलों की झलक पेश करती हैं।
.png)