क्या सोनाली नाइक राधिका विद्यासागर की जगह ले पाएंगी? जानें 'उड़ने की आशा' में उनके नए किरदार के बारे में!
सोनाली नाइक का नया सफर 'उड़ने की आशा' में
मुंबई, 20 जुलाई। टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री सोनाली नाइक अब लोकप्रिय धारावाहिक 'उड़ने की आशा' में रेणुका का किरदार निभाने जा रही हैं। इससे पहले यह भूमिका राधिका विद्यासागर ने निभाई थी। एक इंटरव्यू में सोनाली ने कहा कि उन्हें इस किरदार को निभाने का दबाव महसूस हो रहा है, लेकिन वह इसे एक चुनौती के रूप में स्वीकार कर रही हैं।
सोनाली ने कहा, "राधिका मेरी करीबी दोस्त हैं और उन्होंने रेणुका का किरदार बेहतरीन तरीके से निभाया है। जब कोई कलाकार किसी भूमिका को इतनी खूबसूरती से निभाता है, तो उस किरदार में कदम रखना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। मुझे भी यह दबाव महसूस हो रहा है, लेकिन मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगी।"
यह अनुभव सोनाली के लिए खास है क्योंकि यह उनके करियर में पहली बार है जब वह किसी चल रहे शो में पहले से निभाए जा रहे किरदार को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने कभी किसी को रिप्लेस नहीं किया था।
अभिनेत्री ने कहा, "मैंने कभी भी किसी किरदार को रिप्लेस नहीं किया है। यह मेरे लिए एक नया अनुभव है। 'उड़ने की आशा' पिछले ढाई सालों से दर्शकों का दिल जीत रहा है। दबाव तो है, लेकिन मुझे लगता है कि दबाव में काम करना कलाकार को और मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है।"
सोनाली ने आगे कहा, "मैं रेणुका के किरदार को अपनी शैली में पेश करने की कोशिश करूंगी। मैं इसे राधिका की तरह नहीं निभाना चाहती। किरदार की मूल कहानी और स्वभाव वही रहेगा, लेकिन इसमें मेरी अपनी छाप होगी।"
रेणुका के किरदार के बारे में बात करते हुए सोनाली ने कहा, "इस किरदार में कई पहलू हैं। समय के साथ बहुत कुछ बदलता है और इंसान के अनुभव भी उसे बदल देते हैं। रेणुका की जिंदगी में भी कई उतार-चढ़ाव आए हैं।"
उन्होंने कहा, "यह देखना दिलचस्प होगा कि रेणुका अब घर को कैसे संभालती हैं। क्या सचिन और सायली वापस आएंगे? अगर वे लौटते हैं, तो रेणुका और सायली का रिश्ता कैसा होगा? कहानी में कई बदलाव आने वाले हैं और मुझे लगता है कि दर्शकों को यह बहुत पसंद आएगा।"
गौरतलब है कि 'उड़ने की आशा' में नेहा हरसोरा और कंवर ढिल्लों मुख्य भूमिकाओं में हैं। शो जल्द ही कहानी में सात साल का लीप लेने वाला है, जिसके बाद किरदारों की जिंदगी में कई नए मोड़ देखने को मिलेंगे।
.png)