Movie prime

क्या बिग बॉस 20 में आम्रपाली और माही की चिकन बहस बन गई है बड़ा विवाद?

बिग बॉस 20 में आम्रपाली दुबे और माही विज के बीच चिकन बनाने को लेकर हुई बहस ने शो में नया मोड़ ला दिया है। दोनों के बीच की नोकझोंक इतनी बढ़ गई कि वे एक-दूसरे को 'शट अप' कहने लगीं। इस विवाद का नया प्रोमो कलर्स चैनल ने साझा किया है, जिसमें उनकी तीखी बहस को दिखाया गया है। जानें इस दिलचस्प घटनाक्रम के बारे में और क्या है इस सीजन में खास!
 

बिग बॉस 20 में आम्रपाली और माही के बीच चिकन को लेकर गरमा-गरमी




मुंबई, 15 सितंबर। 'बिग बॉस 20' के घर में प्रतियोगियों के बीच छोटी-छोटी बातों पर होने वाली नोकझोंक अब बड़े झगड़ों में बदलती नजर आ रही है। किचन की जिम्मेदारियों से लेकर खाने के मेन्यू तक, कई बार कंटेस्टेंट्स के बीच मतभेद देखने को मिलते हैं। आगामी एपिसोड में आम्रपाली दुबे और माही विज के बीच चिकन बनाने को लेकर बहस देखने को मिलेगी। दोनों के बीच की बहस इतनी बढ़ जाती है कि अंत में वे एक-दूसरे को 'शट अप' कहती नजर आएंगी। शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें उनकी तीखी बहस को दिखाया गया है।


कलर्स चैनल ने अपने इंस्टाग्राम पर 'बिग बॉस 20' का नया प्रोमो साझा किया है, जिसमें लिखा गया है, ''माही विज और आम्रपाली दुबे की नोकझोंक ने लिया सीरियस टर्न।''


वीडियो की शुरुआत किचन से होती है, जहां माही कुकिंग टीम से चिकन के बारे में सवाल करती हैं। इस टीम में आम्रपाली भी शामिल हैं। माही चिकन की सब्जी में आलू डालने को लेकर सवाल उठाती हैं, जिसके जवाब में आम्रपाली उन्हें कहती हैं कि कुकिंग टीम को अपना काम करने दिया जाए।


आम्रपाली कहती हैं, ''जो लोग कुकिंग टीम का हिस्सा नहीं हैं, उन्हें किचन से बाहर चले जाना चाहिए।'' यह बात माही को पसंद नहीं आती और उनका गुस्सा बढ़ जाता है। इसके बाद माही गुस्से में किचन से बाहर निकल जाती हैं और आम्रपाली से कहती हैं, 'तुम मेरे लिए कुछ नहीं हो।'


माही की इस बात पर आम्रपाली भी चुप नहीं रहतीं। वह जवाब में कहती हैं, 'यहां आकर बात मत करो', और इसके बाद दोनों के बीच बहस और तेज हो जाती है। माही आम्रपाली पर तंज कसते हुए कहती हैं, 'इसके मुंह लगूंगी? अम्मा की तरह बैठ गई।'


आम्रपाली भी माही को जवाब देती हैं कि वह चार लोगों के साथ बैठती हैं और वह उन चार में से नहीं हैं। प्रोमो के अंत में मामला इतना गरम हो जाता है कि दोनों एक-दूसरे को 'शट अप' कहती नजर आती हैं।


'बिग बॉस 20' की शुरुआत 6 सितंबर से हुई है। इस सीजन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 16 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स को घर में लाया गया है। शो में एमसी मैरी कॉम, कनिका मान, माही विज, कुशाल तंवर, अमन गांधी, ईशा रिखी, अरिश्फा खान, काजी तौकीर, आसिफ खान, आम्रपाली दुबे, रीति तिवारी, उदिति सिंह, तन्मय सिंह उर्फ स्काउटओपी, रोहेद खान, यंग डीएसए और लव गिल जैसे नाम शामिल हैं।


'बिग बॉस' एक भारतीय हिंदी रियलिटी शो है, जो डच फॉर्मेट 'बिग ब्रदर' पर आधारित है। 'बिग बॉस 20' का प्रसारण कलर्स चैनल पर होता है, जबकि दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकते हैं।


OTT