क्या 'बिग बॉस 19' का खिताब जीतेंगे गौरव खन्ना? जानें उनकी अनोखी रणनीति!
बिग बॉस 19 का फिनाले: गौरव खन्ना की चुप्पी में छिपी जीत
मुंबई, 7 दिसंबर। देश के सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस सीजन ने अपने हाई-ड्रामा, दोस्ती, रणनीति और मनोरंजन के लिए खूब सुर्खियां बटोरी हैं। शो की खासियत यह है कि हर प्रतियोगी की चालें दर्शकों के सामने खुलकर आती हैं, और हर हफ्ते किसी न किसी प्रतियोगी की जीत या हार की कहानी बनती है।
अब जब ग्रैंड फिनाले का दिन नजदीक है, दर्शकों की नजरें टॉप-5 फाइनलिस्ट्स पर हैं, जिनमें अमाल मलिक, फरहाना भट्ट, तान्या मित्तल, प्रणीत मोरे और गौरव खन्ना शामिल हैं। इन पांचों में गौरव खन्ना सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
कानपुर के सिविल लाइंस से ताल्लुक रखने वाले गौरव खन्ना ने टीवी इंडस्ट्री में दो दशकों से अधिक का समय बिताया है। उनका जन्म 11 दिसंबर 1981 को हुआ और उन्होंने मुंबई जाकर एमबीए की पढ़ाई की। अपने करियर की शुरुआत में, उन्होंने एक आईटी कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में काम किया, लेकिन उनका सपना हमेशा अभिनय का रहा।
उन्होंने कई टीवी शो और विज्ञापनों में काम किया, जिसमें उनका पहला प्रमुख शो 'भाभी' था। इसके बाद उन्होंने 'कुमकुम: एक प्यारा सा बंधन', 'मेरी डोली तेरे अंगना', 'जीवनसाथी: हमसफर जिंदगी के', 'सीआईडी', और 'प्रेम या पहेली: चंद्रकांता' जैसे शो में अभिनय किया।
गौरव को पहचान 2021 में सुपरहिट शो 'अनुपमा' से मिली, जहां उन्होंने अनुज कपाड़िया का किरदार निभाया। इस शो में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का इंडियन टेली अवार्ड भी मिला।
गौरव खन्ना का खेल 'बिग बॉस 19' में उनकी सूझ-बूझ, शांत स्वभाव और रणनीति का बेहतरीन उदाहरण है। बिग बॉस के बारे में आम धारणा है कि जो प्रतियोगी जोर से बोलता है, वही जीतता है। लेकिन गौरव ने इस धारणा को बदल दिया। उन्होंने हमेशा शांत रहकर, बिना किसी विवाद में उलझे, घर के हर सदस्य की चालों पर ध्यान दिया। उनका गेम प्लान 'साइलेंट बट डेडली' रहा। वे कम बोलते हैं, लेकिन जब बोलते हैं, उनकी बात का प्रभाव पूरे घर पर पड़ता है।
गौरव ने कई बार साबित किया है कि वे अपनी रणनीति के बल पर खेल को पलट सकते हैं। उन्होंने अपनी समझदारी से कई टास्क में जीत हासिल की और जरूरत पड़ने पर अपने दोस्तों की भी मदद की। उनके संयम, धैर्य और सूझ-बूझ ने उन्हें 'गेम प्लानर' और 'चालाक' जैसे टैग दिलाए। लेकिन दर्शकों को उनका यह अंदाज बहुत पसंद आया है, और यही कारण है कि वे फिनाले के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक माने जा रहे हैं।
.png)