क्या टीवी को 'डस्टबिन मीडियम' कहना सही है? आशा नेगी ने रोहित रॉय के बयान पर दी प्रतिक्रिया
आशा नेगी का रोहित रॉय के बयान पर जवाब
मुंबई, 19 सितंबर। प्रसिद्ध टेलीविजन अभिनेत्री आशा नेगी ने अभिनेता रोहित रॉय के उस विवादास्पद बयान पर अपनी राय व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने टीवी को 'डस्टबिन मीडियम' कहा था। आशा ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि रोहित ने ऐसा बयान क्यों दिया या किस प्रकार की निराशा के चलते उन्होंने ऐसा कहा।
रोहित रॉय ने एक इंटरव्यू में छोटे पर्दे को 'डस्टबिन मीडियम' करार दिया था और यह भी कहा था कि फिल्म सितारों में एक विशेष 'स्टाइल और क्लास' होती है, जो टीवी कलाकारों में नहीं पाई जाती।
आशा नेगी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि टेलीविजन ने उन्हें पहचान दिलाई है और आज जो कुछ भी हैं, वह टीवी की बदौलत है। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि उनके इरादे क्या थे। लोग किस दौर से गुजरते हैं, यह समझना मुश्किल है। लेकिन मैं आज जो कुछ भी हूं, वह टीवी की वजह से है, जिसके लिए मैं आभारी हूं।"
आशा नेगी ने अंकिता लोखंडे और दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ 'पवित्र रिश्ता' शो से पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा, "टेलीविजन ने मुझे सब कुछ दिया है। आज भी लोग मुझे 'पवित्र रिश्ता' में मेरे किरदार पूर्वी के नाम से जानते हैं।"
उन्होंने यह भी बताया कि जो कुछ भी उन्हें टीवी से मिला है, वह सिनेमा या ओटीटी प्लेटफार्मों से नहीं मिल सकता।
वर्तमान में, आशा नेगी लेटेस्ट हॉरर-कॉमेडी, एडवेंचर और मिस्ट्री वेब सीरीज 'अली बाबा और 40 भूत' में नजर आ रही हैं। इस शो में आशा नेगी अली के किरदार में हैं और विशाल वशिष्ठ बाबा के रोल में हैं।
कहानी अलीशा (जिसे अली भी कहते हैं) नाम की एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने लापता पुरातत्वविद् पिता की खोज में अपने गृहनगर लौटती है।
.png)