एकता कौल का नया शो: प्यार और पहचान की अनोखी कहानी
एकता कौल का विशेष इंटरव्यू
एकता कौल का विशेष इंटरव्यू: सोनी सब का नया शो 'हुई गुम यादें - एक डॉक्टर, दो जिंदगियां' प्यार और पहचान की खोई हुई कहानियों को फिर से जीवित करने का प्रयास है। यह शो जल्द ही टेलीविजन पर प्रसारित होने वाला है। इस मेडिकल ड्रामा में इकबाल खान मुख्य भूमिका में हैं, जबकि उनकी पूर्व पत्नी 'सृष्टि' का चुनौतीपूर्ण किरदार एकता कौल निभा रही हैं। एकता इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने इस शो के बारे में कई महत्वपूर्ण बातें साझा की हैं। यह शो प्रसिद्ध इटैलियन सीरीज 'डॉक' (DOC) का आधिकारिक रीमेक है।
एक नई शुरुआत और 'दूसरा मौका'
यह शो केवल अस्पताल की सीमाओं तक नहीं है, बल्कि यह रिश्तों और पहचान को पुनः प्राप्त करने की एक गहन यात्रा है। एकता कौल ने कहा, "यह शो मेरे लिए तब आया जब मैं एक ऐसे प्रोजेक्ट की तलाश में थी जो मुझे एक अभिनेता के रूप में चुनौती दे। यह केवल याददाश्त खोने की कहानी नहीं है, बल्कि खुद को फिर से खोजने का सफर है।"
सृष्टि: एक मजबूत मां और समझदार महिला
एकता शो में 'सृष्टि' का किरदार निभा रही हैं, जो डॉ. देव (इकबाल खान) की पूर्व पत्नी हैं। अपने किरदार के बारे में एकता ने कहा, "सृष्टि का चरित्र मेरे लिए बिल्कुल सही है। वह एक ऐसी महिला है जिसने अपने बच्चों के लिए डॉक्टरी छोड़ दी और प्रशासन का काम संभाला। वह जितनी मजबूत और समझदार है, उतनी ही भावुक भी है। मुझे लगता है कि आज की महिलाएं खुद को उससे जोड़ पाएंगी।"
टूटी हुई शादी और यादों का खेल
कहानी में तब मोड़ आता है जब डॉ. देव एक दुर्घटना में अपनी 8 साल की यादें खो देते हैं। एकता ने बताया कि सृष्टि सालों तक देव को अपनी शादी के टूटने और अपने बेटे ध्रुव की मौत का जिम्मेदार मानती रही। उसे लगता था कि देव घमंडी और बेरहम हो गया है, लेकिन जब देव का पुराना, कोमल और प्यार करने वाला रूप सामने आता है, तो सृष्टि के सामने एक बड़ा धर्मसंकट खड़ा हो जाता है। पुराने जख्म और प्यार का दूसरा मौका, यही इस किरदार की खूबसूरती है।
जिम्मेदारियों को निभाती है 'सृष्टि'
एक्ट्रेस ने बताया कि जब देव वापस आता है, तो सृष्टि उससे कोई खास लगाव नहीं रखती। वह केवल अपनी जिम्मेदारियों को निभाती है। उसके और देव के बीच कोई रोमांटिक संबंध नहीं होता। वह अपने बच्चे के लिए केवल फर्ज निभाती है, लेकिन जब देव मुसीबत में होता है, तो वह उसकी मदद भी करती है। सृष्टि का किरदार इस शो में हर परिस्थिति में अलग-अलग होता है।
लंबे समय बाद पर्दे पर वापसी
एकता ने लंबे समय बाद सेट पर लौटने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि शो की कहानी बहुत बेहतरीन है, और यही कारण है कि उन्होंने इस शो के लिए हां की। उन्होंने कहा, "हर किरदार के लिए शानदार कहानी लिखी गई है। कहानी में कई भावनात्मक क्षण हैं।" एकता ने यह भी कहा कि मां बनने के बाद चीजें थोड़ी कठिन हो जाती हैं, लेकिन उन्हें एक अच्छी टीम मिली है, जिसने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि वे इसे कर सकते हैं।
सेकंड चांस पर एकता कौल की राय
एकता कौल से जब पूछा गया कि क्या वे खुद रिश्तों में सेकंड चांस पर विश्वास करती हैं, तो उन्होंने कहा, "अगर रिश्ते के टूटने का इरादा खराब नहीं है, तो दूसरा चांस देना उचित है। लेकिन अगर इरादा गलत है और सामने वाला व्यक्ति दूसरे को परेशान करना चाहता है, तो किसी भी रिश्ते में दूसरे मौके का कोई मतलब नहीं है।"
.png)