हिना खान ने मोदी सरकार की सराहना की, कहा- भारत बन रहा है शक्तिशाली देश

हिना खान की मोदी सरकार पर प्रशंसा
मुंबई, 8 जून। प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री हिना खान ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वह मोदी जी की नेतृत्व शैली को सराहती हैं और एक भारतीय के नाते उनके साथ खड़ी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का कार्यकाल 11 साल पूरा हो गया है। इस अवसर पर हिना खान ने कहा कि आज का भारत एक "नया भारत" है, जो लगातार प्रगति कर रहा है और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।
हिना ने मोदी सरकार की पारदर्शिता और मजबूत रक्षा नीतियों की सराहना की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण और साहसिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, "हम युद्ध नहीं चाहते, लेकिन आतंकवाद को सहन नहीं करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "हम एक तरह से युद्ध की स्थिति में थे। उस समय मैं दूसरे देश में थी, लेकिन मुझे अपने देश की स्थिति की पूरी जानकारी थी। किसी को भी युद्ध की उम्मीद नहीं थी, सभी अपने काम में व्यस्त थे। मुझे यह बात बहुत पसंद आई कि भारत की तरफ से हर जानकारी स्पष्ट और ईमानदारी से साझा की जा रही थी। कुछ भी छिपाया नहीं जा रहा था। यही भारत की खासियत है। अब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।"
हिना खान ने कहा, "हर भारतीय दुखी था, मैं भी दुखी थी। मैं कश्मीर से हूं और व्यक्तिगत रूप से इससे प्रभावित हूं। लेकिन भारत ने जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, वह दुनिया के लिए एक उदाहरण है। बिना हालात बिगाड़े हमने इसे साहसिकता से पूरा किया। हमारे जवानों ने हर खतरे को नष्ट कर दिया। एक भारतीय के नाते, मैं अपने प्रधानमंत्री के साथ खड़ी हूं।"
उन्होंने कहा कि मोदी जी के शासन में देश ने कई क्षेत्रों में प्रगति की है। उन्हें भारत की इस प्रगति पर गर्व है और भविष्य के प्रति आशा है।
हिना ने कहा, "मेरे अनुभव के अनुसार, भारत अब बहुत शक्तिशाली बन चुका है। सड़कें, इमारतें, तकनीक, अंतरिक्ष, दवाइयां, आयुष्मान भारत योजना, गरीबी कम करने, सेना और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में हम पहले से बेहतर हो गए हैं।"
एक्ट्रेस को विश्वास है कि भारत भविष्य में एक मजबूत और विकसित देश बनेगा। इसका श्रेय उन्होंने पीएम मोदी की सोच और नेतृत्व को दिया।
हिना खान ने कहा, "भारत एक विकसित देश बन सकता है, और वह भी हमारे जीवनकाल में। सच कहूं तो, यह सपना सबसे पहले हमारे प्रधानमंत्री ने देखा था। जैसे-जैसे देश में प्रगति हो रही है, मुझे पूरा विश्वास है कि हम जल्द ही एक विकसित भारत देखेंगे।"