रोहित शर्मा का नया शो: क्रिकेट से एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम!
रोहित शर्मा का नया एंटरटेनमेंट शो
मुंबई, 10 सितंबर (वेब वार्ता)। क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी और बेहतरीन बल्लेबाजी से प्रशंसकों का दिल जीतने वाले रोहित शर्मा अब टीवी पर एक नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। उनके नए एंटरटेनमेंट शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ का एक नया प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें वह अपने क्रिकेट साथियों श्रेयस अय्यर और शार्दुल ठाकुर के साथ मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रोमो में दोनों क्रिकेटर्स रोहित की टांग खींचते हुए नजर आ रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेता कुणाल खेमू ने रोहित की एक विशेषता की सराहना की, जो उन्हें अन्य लोगों से अलग बनाती है। कुणाल ने कहा कि रोहित जहां भी होते हैं, वहां ऐसा माहौल बना देते हैं जैसे पूरा स्टेडियम उनके साथ हो।
इस नए प्रोमो में शो के पहले एपिसोड की झलक भी दिखाई गई है। श्रेयस अय्यर और शार्दुल ठाकुर अपने क्रिकेट अंदाज में रोहित के साथ मजाक करते हैं। इसी दौरान कुणाल खेमू रोहित की तारीफ करते हुए कहते हैं, 'सिर्फ रोहित शर्मा ही ऐसा कर सकते हैं, वह जहां भी होते हैं, वहां दर्शकों के साथ स्टेडियम जैसा माहौल बना देते हैं।'
प्रोमो में रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और शार्दुल ठाकुर का एक और मजेदार अंदाज देखने को मिलता है, जब तीनों लोकप्रिय गाने ‘कोई शहरी बाबू’ पर अचानक डांस करने लगते हैं।
‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ का भव्य प्रीमियर 19 सितंबर को होगा। यह शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा। पहले एपिसोड में श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर, अभिषेक नायर, डॉ. आदित्य दफ्तरी, कुणाल खेमू, स्पर्श श्रीवास्तव, निरहुआ और वंशिका धीर नजर आएंगे।
रोहित शर्मा के लिए 19 सितंबर की तारीख विशेष है। उन्होंने शो के बारे में बात करते हुए अपनी क्रिकेट यात्रा का उल्लेख किया। रोहित ने बताया कि उनका टी20 डेब्यू भी 19 सितंबर को हुआ था और अब इसी तारीख को उनका टेलीविजन डेब्यू भी होने जा रहा है। इस शो की घोषणा 31 अगस्त को की गई थी।
.png)