Movie prime

टीवी को कमतर समझने वालों पर निहारिका चौकसे का तीखा जवाब: 'यह है सबसे बड़ा स्कूल!'

टेलीविजन अभिनेत्री निहारिका चौकसे ने हाल ही में एक इंटरव्यू में टीवी इंडस्ट्री के प्रति अपने विचार साझा किए। उन्होंने टीवी को फिल्मों और ओटीटी से कमतर मानने वालों पर सवाल उठाया और इसे सबसे बड़ा स्कूल बताया। निहारिका ने कहा कि टीवी में काम करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन यह सीखने का एक बेहतरीन प्लेटफार्म है। उन्होंने रियलिटी शोज में भाग लेने की इच्छा भी व्यक्त की। जानें उनके विचार और अनुभव के बारे में।
 

निहारिका चौकसे का टीवी इंडस्ट्री पर नजरिया




मुंबई, 24 जुलाई। टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री निहारिका चौकसे इन दिनों अपने शो 'तुम से तुम तक' के चलते सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में टीवी इंडस्ट्री के प्रति अपने विचार साझा किए। निहारिका ने उन लोगों पर सवाल उठाया है जो आजकल टीवी को फिल्मों और ओटीटी प्लेटफार्मों से कमतर मानते हैं। उनका मानना है कि टीवी कलाकारों के लिए यह सबसे बड़ा स्कूल है, जहां हर दिन कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है।


निहारिका ने कहा, "मुझे टीवी पर काम करना हमेशा पसंद आया है। अगर कोई मुझसे कहे कि मुझे रोजाना 14 घंटे काम करना होगा, तो भी मुझे कोई समस्या नहीं होगी, क्योंकि मुझे व्यस्त रहना पसंद है। मुझे समझ नहीं आता कि कुछ लोग टेलीविजन को कम क्यों आंकते हैं। मेरे लिए, टीवी सबसे बड़ा स्कूल है। यहां कैमरे के सामने अभिनय करना, लंबी-लंबी लाइन्स याद करना और हर परिस्थिति में बेहतरीन प्रदर्शन करना सीखने को मिलता है।"


उन्होंने आगे कहा, "टेलीविजन में काम करना आसान नहीं है, क्योंकि यहां कलाकारों को बहुत कम समय में अपना सर्वश्रेष्ठ देना पड़ता है। टीवी में अगले दिन का एपिसोड प्रसारित होना होता है, इसलिए नई स्क्रिप्ट मिलते ही कलाकारों को तुरंत तैयारी करनी पड़ती है और शूटिंग भी करनी होती है। वेब सीरीज में कलाकारों को वर्कशॉप और तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलता है, लेकिन टीवी में काम की रफ्तार कहीं ज्यादा तेज होती है। यही वजह है कि टीवी कलाकारों को हर दिन नई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और लगातार मेहनत करनी पड़ती है।"


निहारिका ने कहा, "मनोरंजन उद्योग अब पहले से बेहतर दिशा में आगे बढ़ रहा है। बदलाव जीवन का सबसे बड़ा सच है और इंडस्ट्री भी समय के साथ बदल रही है। पहले टेलीविजन में महिलाओं पर आधारित कहानियां ज्यादा देखने को मिलती थीं, लेकिन अब फिल्मों में भी महिला कलाकारों को मजबूत और महत्वपूर्ण किरदार मिलने लगे हैं। महिला प्रधान फिल्मों का अच्छा प्रदर्शन इस बात का सबूत है कि दर्शकों की सोच बदल रही है और इंडस्ट्री महिलाओं को पहले से ज्यादा अवसर दे रही है।"


रियलिटी शोज में भाग लेने के बारे में निहारिका ने कहा, "अभी मैं सिर्फ काम करना चाहती हूं। रियलिटी शोज बाद में भी किए जा सकते हैं। सबसे पहले मैं अपना फैन बेस मजबूत करना चाहती हूं, ताकि जब भी किसी रियलिटी शो में हिस्सा लूं, तो जीतने के इरादे से जाऊं।"


उन्होंने कहा, "मुझे डांस करना बेहद पसंद है, इसलिए 'झलक दिखला जा' मेरे पसंदीदा रियलिटी शोज में से एक है। वहीं, 'खतरों के खिलाड़ी' में भाग लेने की इच्छा भी है, लेकिन उससे पहले मैं अपने डर पर काबू पाना चाहती हूं।"


OTT