क्या है हर्षद चोपड़ा का बड़ा फैसला? जानें 'लॉक अप 2' में शिवांगी जोशी के लिए उनकी कुर्बानी की सच्चाई!
हर्षद चोपड़ा का दोस्ती का अनोखा उदाहरण
मुंबई, 5 अगस्त। टीवी अभिनेता हर्षद चोपड़ा इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में अपने एक फैसले को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी फाइनलिस्ट की जगह छोड़कर शिवांगी जोशी को पहला फाइनलिस्ट बनने का अवसर दिया। इस निर्णय ने दर्शकों और सोशल मीडिया पर बहस को जन्म दिया। कुछ लोगों ने उनकी दोस्ती की सराहना की, जबकि अन्य ने शिवांगी को ट्रोल करना शुरू कर दिया।
अब इस पूरे मामले पर पहली बार खुलकर बात करते हुए, हर्षद ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई बड़ा त्याग नहीं किया, बल्कि एक दोस्त की जिम्मेदारी निभाई।
एक इंटरव्यू में जब हर्षद से पूछा गया कि क्या वह इसे अपनी सबसे बड़ी कुर्बानी मानते हैं, तो उन्होंने सहजता से कहा कि इसे इतना बड़ा नहीं बनाना चाहिए। उनके लिए यह एक सामान्य बात थी।
हर्षद ने कहा, "इसे कुर्बानी मत कहिए। यह कोई बड़ी बात नहीं है। एक दोस्त दूसरे दोस्त के लिए इतना तो करता ही है। मुसीबत में जो दोस्त साथ दे, वही सच्चा दोस्त है। उस समय उसे मेरी जरूरत थी और मैंने वही किया जो जरूरी था। इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "हर रिश्ते में भरोसा और साथ देना सबसे ज्यादा मायने रखता है। अगर किसी दोस्त की मदद करने का मौका मिले तो बिना किसी स्वार्थ के उसके साथ खड़ा होना चाहिए। मैंने वही किया जो मुझे सही लगा और मुझे अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है।"
रियलिटी शो के भविष्य के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा, "अगर जिंदगी में आगे रियलिटी शो करना पड़ा, तो मैं कर लूंगा। इस बार तो मुझे रियलिटी शो का कोई अंदाजा नहीं था। इस शो ने मुझे ऐसा अनुभव दिया है कि मैं असल जिंदगी में आने वाली कठिनाइयों के लिए भी तैयार हो गया हूं।"
वहीं, 'लॉक अप 2' से बाहर आने के बाद, आकांक्षा चमोला ने भी मीडिया से बातचीत की और कहा, "इस रियलिटी शो के जरिए मेरे अंदर की कई पर्सनैलिटीज बाहर आईं। मुझे इसमें काफी मजा भी आया।"
कंटेस्टेंट द्वारा वीक प्लेयर कहे जाने पर आकांक्षा ने कहा, "मैं बिल्कुल भी कमजोर खिलाड़ी नहीं थी। शो के अंदर राम कपूर हर किसी का माइंड वॉश करते थे। एक पल को तो, मैंने भी मान लिया था कि मेरा गेम काफी कमजोर है। लेकिन अब जब मैंने बाहर आकर शो को देखा, तो मैं काफी मजबूत दिखी। शो में चाहे सीक्रेट बताना हो, टास्क करना हो या फिर एटरटेनमेंट, सही बातों के लिए लड़ना हो... मैं इन सब चीजों में आगे रही हूं। मैंने बेशक शो न जीता हो, लेकिन लोगों का दिल जरूर जीता है।"
गौरव खन्ना संग तलाक को पब्लिसिटी बताने के आरोपों पर उन्होंने करारा जवाब दिया और कहा, "मुझे नहीं लगता कोई भी इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर टीआरपी के लिए बोलेगा कि मैं पति से तलाक ले रही हूं। कृपया मेरे घर पर आइए, मेरी कानूनी टीम से बात कीजिए। शो में जाने से पहले तलाक की कानूनी औपचारिकताएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। अब मेरा और गौरव का पेपर्स पर साइन करना बाकी है।"
गौरतलब है कि आकांक्षा और गौरव ने साल 2016 में शादी की थी। 10 साल बाद दोनों के तलाक के ऐलान से फैंस भी उदास हैं।
.png)