क्या है 'सिंगल पापा' की शूटिंग का मजेदार किस्सा? मनोज पाहवा ने किया खुलासा!
मनोज पाहवा का अनोखा अनुभव
मुंबई, 1 दिसंबर। फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान कई ऐसे पल होते हैं जो कलाकारों के लिए खास बन जाते हैं। इनमें से कुछ पल मजेदार होते हैं, जबकि कुछ चुनौतियों से भरे होते हैं। हाल ही में, दिग्गज अभिनेता मनोज पाहवा ने एक दिलचस्प किस्सा साझा किया, जो उनकी आगामी सीरीज 'सिंगल पापा' की शूटिंग से जुड़ा है।
मनोज ने बताया कि 'सिंगल पापा' के सेट पर चार महीने के बच्चे के साथ काम करते हुए उन्हें एक अनोखा अनुभव मिला।
उन्होंने हंसते हुए कहा, ''इस बार बच्चे ने मुझे निराश किया। मैंने अपने करियर की शुरुआत में 'जस्ट मोहब्बत' और 'बोल बेबी बोल' जैसे शोज में बच्चों के साथ काम किया है। उस समय बच्चों के साथ शूटिंग करना मेरे लिए फायदेमंद होता था। बच्चे अक्सर शूटिंग से अचानक गायब हो जाते थे, कभी घुड़सवारी करने चले जाते, कभी खेलने निकल पड़ते। इससे शूटिंग रुक जाती थी और हमें आराम मिल जाता था।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैंने सोचा था कि चार महीने का बच्चा भी ऐसा ही करेगा, रोएगा और शूटिंग रुक जाएगी, जिससे मुझे थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन मेरी उम्मीदें गलत साबित हुईं। इस बार का बच्चा बहुत अलग था।''
मनोज ने कहा, ''बच्चा इतना प्रोफेशनल था कि मैं खुद हैरान रह गया। वह बिल्कुल शांत रहता था, कैमरे की तरफ आसानी से देखता था और किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने देता था।''
उन्होंने मजाक में कहा कि लगता है जैसे वह मां के पेट से ही अभिनय सीखकर आया हो।
सीरीज 'सिंगल पापा' में मनोज पाहवा के साथ कुणाल खेमू, आयशा रजा और प्राजक्ता कोली भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कहानी कुणाल खेमू के किरदार गौरव गहलोत उर्फ 'जीजी' के इर्द-गिर्द घूमती है। जीजी का स्वभाव थोड़ा बचकाना है और तलाक के बाद वह एक बच्चा गोद लेने का निर्णय लेता है, जिससे उसका परिवार हैरान रह जाता है। उन्हें यकीन नहीं होता कि जो आदमी अपनी जुराबें कहीं रखकर भूल जाता है, वह एक बच्चे की जिम्मेदारी कैसे उठा पाएगा। इसी उलझन के बीच कई मजेदार और भावुक स्थितियां उत्पन्न होती हैं, जो कहानी को आगे बढ़ाती हैं।
इस सीरीज को इशिता मोइत्रा और नीरज उधवानी ने मिलकर लिखा और बनाया है। शशांक खेतान इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। निर्देशन नीरज उधवानी और हितेश केवल्या ने किया है। इसे जगरनॉट प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है।
कॉमेडी, पारिवारिक ड्रामा और भावनाओं का मिश्रण लेकर आने वाली सीरीज 'सिंगल पापा' 12 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
.png)