क्या है 'वसुधा' के 700 एपिसोड पूरे करने की कहानी? जानें प्रिया ठाकुर और अभिषेक शर्मा की जुबानी!
टीवी शो 'वसुधा' ने मील का पत्थर पार किया
मुंबई, 6 अक्टूबर। टेलीविजन की दुनिया में किसी शो का लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में जगह बनाना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसी बीच, जी टीवी का चर्चित शो 'वसुधा' ने अपनी कहानी और पात्रों के माध्यम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने में सफलता प्राप्त की है।
हाल ही में, 'वसुधा' ने अपने सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस शो ने 700 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस खास अवसर पर, शो के कलाकार प्रिया ठाकुर और अभिषेक शर्मा ने अपनी यात्रा और दर्शकों से मिले प्यार को साझा किया।
प्रिया ठाकुर, जो शो में वसुधा का किरदार निभा रही हैं, ने कहा, ''700 एपिसोड पूरे करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। जब मैंने पहली बार ऑडिशन दिया था, तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह मुझे इतनी दूर ले जाएगा। मैं बस यह सोचकर गई थी कि चलो, ऑडिशन देकर देखते हैं। लेकिन, उस एक निर्णय ने मेरी जिंदगी को बदल दिया।''
उन्होंने आगे कहा, ''आज मैं उसी ऑडिशन के कारण 'वसुधा' के साथ 700 एपिसोड पूरे कर चुकी हूं। इस दौरान मुझे न केवल कई खूबसूरत यादें मिलीं, बल्कि दर्शकों का भी बहुत प्यार मिला। शो का लंबे समय तक प्राइम टाइम में नंबर-1 रहना इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है। यह मेरे लिए गर्व की बात है कि दर्शकों ने वसुधा के किरदार को इतना अपनाया।''
प्रिया ने अपने किरदार के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ''वसुधा का किरदार मेरे लिए सिर्फ एक भूमिका नहीं है, बल्कि इस सफर में मैंने इसके साथ खुद को भी विकसित किया है। इस किरदार ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है और विभिन्न भावनाओं को पर्दे पर प्रदर्शित करने का अवसर दिया है। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे वसुधा जैसा किरदार निभाने का मौका मिला।''
उन्होंने यह भी कहा, ''शो की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है और आने वाले समय में दर्शकों को कई दिलचस्प मोड़ देखने को मिलेंगे। मैं भी उत्सुक हूं कि कहानी आगे किस दिशा में जाएगी और दर्शकों को क्या देखने को मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से लोगों ने अब तक 'वसुधा' को प्यार दिया है, उसी तरह आगे भी उनका समर्थन बना रहेगा।''
वहीं, अभिषेक शर्मा, जो शो में देवांश सिंह चौहान का किरदार निभा रहे हैं, ने भी 700 एपिसोड पूरे होने पर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, ''कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जिन्हें कलाकार केवल निभाता है, लेकिन कुछ किरदार धीरे-धीरे उसकी जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। मेरे लिए देवांश भी ऐसा ही किरदार है। मैं हमेशा इस किरदार को अपने दिल के करीब रखूंगा।''
अभिषेक ने कहा, ''700 एपिसोड पूरे करना एक बड़ी उपलब्धि है और मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इतनी अच्छी टीम और दर्शकों के साथ इस सफर का हिस्सा बनने का मौका मिला। शो का लगातार प्राइम टाइम में नंबर-1 रहना और वसुधा और देवांश को दर्शकों से मिल रहा प्यार इस पूरी यात्रा को बेहद खास बनाता है।''
'वसुधा' का प्रसारण हर सोमवार से शुक्रवार जी टीवी पर किया जाता है।
.png)