क्या है 'मिर्जापुर' की सफलता का राज? निर्देशक Gurmeet Singh ने किया खुलासा
गुरमीत सिंह का 'मिर्जापुर' पर बयान
मुंबई, 18 नवंबर। निर्देशक गुरमीत सिंह की क्राइम थ्रिलर सीरीज 'मिर्जापुर' ने अपनी अनोखी कहानी और मजबूत पात्रों के साथ दर्शकों का दिल जीत लिया है। इस सीरीज में पात्रों की व्यक्तिगत जिंदगी और भावनात्मक पहलुओं ने दर्शकों को गहराई से जोड़ा।
रिलीज से पहले एक मार्केट सर्वे में यह अनुमान लगाया गया था कि यह सीरीज केवल उत्तर भारत के 18 से 35 वर्ष के पुरुषों द्वारा देखी जाएगी, और महिलाओं के बीच इसकी लोकप्रियता को लेकर कोई खास उम्मीद नहीं थी।
गुरमीत ने बताया कि इस सीरीज ने सभी पूर्वानुमानों को गलत साबित कर दिया है।
उन्होंने कहा, 'मिर्जापुर' उन कुछ शुरुआती सीरीज में से एक थी, जिसने इस तरह की कहानी के साथ व्यापक सफलता प्राप्त की।
गुरमीत ने कहा, 'इसकी किस्मत अच्छी रही कि यह इस तरह की कहानियों में से एक थी, जो बड़े स्तर पर सफल हुई। हम भाग्यशाली हैं कि यह इतने लोगों तक पहुंची। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसने भाषा की सीमाओं को पार किया। दक्षिण भारत से लेकर अन्य क्षेत्रों में, सभी ने इसे देखा। यह किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही।'
गुरमीत ने मार्केट सर्वे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय दर्शकों के बारे में अलग-अलग अनुमान लगाए गए थे।
उन्होंने कहा, 'जब शो रिलीज होने वाला था, तब एक मार्केट सर्वे किया गया था। उसमें कहा गया था कि 'मिर्जापुर' को केवल 18 से 35 साल के उत्तर भारतीय पुरुष देखेंगे। इसके अलावा कोई इसे नहीं देखेगा और महिलाओं की दर्शक संख्या शून्य रहेगी। लेकिन सीरीज ने इस धारणा को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। आज इसे देशभर में ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में पसंद किया जाता है।'
गुरमीत ने कहा, 'मिर्जापुर' की असली ताकत इसके पात्र हैं। लोग अक्सर शो के बाहरी पहलुओं की चर्चा करते हैं। कोई इसकी हिंसा की बात करता है, कोई भाषा की और कोई अंतरंग दृश्यों की। लेकिन असल बात यह है कि दर्शक शो के पात्रों से जुड़े हैं। उनके भीतर का इंसान दर्शकों को अपनी ओर खींचता है। यही वजह है कि लोग हर साल इस सीरीज की ओर लौटकर आते हैं।'
उन्होंने कहा कि यदि कोई अन्य शो 'मिर्जापुर' जैसी सफलता प्राप्त करना चाहता है, तो उसे केवल इसके हिंसक दृश्यों, गाली-गलौज या बोल्ड कंटेंट की नकल नहीं करनी चाहिए। इसके बजाय, कहानी के पात्रों और उनके मानवीय पहलुओं पर ध्यान देना आवश्यक है। दर्शकों के साथ वही कहानियां लंबे समय तक रहती हैं, जिनके पात्रों से वे भावनात्मक रूप से जुड़ पाते हैं।
.png)