क्या है 'फैशन के रंग, रिश्तों के संग' शो का खास अनुभव? जानें शिवम खजुरिया की जुबानी!
शिवम खजुरिया का अनोखा अनुभव
मुंबई, 1 जून। स्टार प्लस के विशेष कार्यक्रम 'फैशन के रंग, रिश्तों के संग' में विभिन्न धारावाहिकों के कलाकार भारत की विविध संस्कृतियों और परंपराओं का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे। इस शो में 'अनुपमा' के प्रेम का किरदार निभाने वाले अभिनेता शिवम खजुरिया ने इसे अपने करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक बताया।
उन्होंने इस शो से जुड़ी कई यादें साझा कीं और बताया कि कैसे इस कार्यक्रम ने उन्हें अपने सह-कलाकारों को बेहतर समझने का अवसर दिया।
इस विशेष शो में शिवम खजुरिया और अद्रिजा रॉय, जिन्हें दर्शक प्रेम और राही के नाम से जानते हैं, पारंपरिक गुजराती परिधान में नजर आएंगे। दोनों कलाकार अपने खूबसूरत पारंपरिक कपड़ों के माध्यम से गुजरात की संस्कृति और विरासत को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शकों के सामने लाना है।
शिवम खजुरिया ने कहा, ''इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इसमें भारत के विभिन्न हिस्सों की परंपराओं और संस्कृतियों को एक मंच पर देखने का मौका मिलता है। 'अनुपमा' में हमारा परिवार गुजराती है, इसलिए हमने गुजरात का प्रतिनिधित्व किया। अन्य कलाकारों ने भी अपने-अपने राज्यों की झलक पेश की। जब इतनी विविधता एक साथ आती है, तो वह दृश्य बेहद खास बन जाता है और दर्शकों को भारत की सांस्कृतिक समृद्धि का एहसास कराता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''स्टार प्लस के ऐसे कार्यक्रम हमेशा उत्साह लेकर आते हैं। आम दिनों में कलाकार अपने-अपने सेट और शूटिंग में व्यस्त रहते हैं, जिससे दूसरे धारावाहिकों के कलाकारों से मिलने का अवसर कम ही मिलता है। लेकिन, ऐसे आयोजनों में सभी कलाकार एकत्र होते हैं, बातचीत करते हैं, पुराने दोस्तों से मिलते हैं और नई यादें बनाते हैं। यह केवल एक पेशेवर कार्यक्रम नहीं होता, बल्कि एक ऐसा अवसर होता है, जहां कलाकार अपने किरदारों से बाहर निकलकर अपने असली व्यक्तित्व के साथ समय बिता सकते हैं।''
शिवम ने प्रसिद्ध कलाकार शब्बीर अहलूवालिया और सृति झा के साथ मंच साझा करने की खुशी भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, ''दोनों कलाकार टीवी इंडस्ट्री के बेहद सम्मानित और प्रतिभाशाली चेहरे हैं। उनके साथ मंच पर खड़ा होना और एक ही कार्यक्रम का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है। मैंने हमेशा इन कलाकारों के काम की सराहना की है और उनके साथ समय बिताना मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहा।''
उन्होंने इसे अपने करियर का एक विशेष पल बताते हुए कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें ऐसे कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला।
शिवम ने 'अनुपमा' शो के दर्शकों के बारे में बात करते हुए कहा, ''शो को सालों से दर्शकों का जो प्यार और समर्थन मिला है, वही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। आज शो जिस मुकाम पर है, उसमें दर्शकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कलाकारों को पहचान और सफलता तभी मिलती है, जब दर्शक उनके काम को स्वीकार करते हैं और उन्हें अपना प्यार देते हैं।''
.png)