क्या है 'द पिरामिड स्कीम'? जानें इस नई ड्रामा सीरीज की कहानी और कास्ट
नई ड्रामा सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' का अनावरण
मुंबई, 25 मई। अभिनेता परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन एक नई ड्रामा सीरीज लेकर आ रहे हैं, जिसका नाम है 'द पिरामिड स्कीम'। यह सीरीज महत्वाकांक्षा, लालच और जल्दी अमीर बनने के सपनों पर आधारित है। इसके निर्माताओं ने अब इसकी रिलीज डेट भी घोषित कर दी है।
यह सीरीज 5 जून को प्राइम वीडियो पर प्रीमियर के लिए तैयार है।
'द पिरामिड स्कीम' की कहानी हरिद्वार शहर की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह कहानी गोल्डी नामक एक मेहनती और आकर्षक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बेहतर जीवन की तलाश में है। बेहतर भविष्य की उम्मीद में वह पिरामिड मार्केटिंग की चमकदार दुनिया में फंस जाता है। जैसे-जैसे वह जमीन से जुड़े और ईमानदार मनोज श्रीवास्तव के साथ जुड़ता है, उसकी उम्मीदें लालच, महत्वाकांक्षा और धोखे की अंधेरी दुनिया में बदलने लगती हैं।
इस सीरीज में परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन के अलावा अंजन श्रीवास्तव, अल्फिया जाफरी, आशीष राघव, अखिलेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल, विजय कुमार, इंद्रेश मलिक, रवि भेल, सुशांत सिंह, सोनल झा और सदानंद पाटिल जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह प्राइम ओरिजिनल सीरीज 'द वायरल फीवर' (टीवीएफ) द्वारा निर्मित की गई है। श्रेयांश पांडे इसके क्रिएटर हैं, जबकि आशीष आर. शुक्ला और श्रेयांश पांडे इसके निर्देशक हैं।
'द वायरल फीवर' पहले ही 'पंचायत', 'अस्पिरेंट्स' और 'ग्राम चिकित्सालय' जैसी सफल सीरीज बना चुका है। अब 'द पिरामिड स्कीम' 5 जून को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने के बाद दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।
द वायरल फीवर के प्रेसिडेंट विजय जोशी ने कहा, "इस सीरीज के माध्यम से हम महत्वाकांक्षा, पहचान की चाहत और पिरामिड स्कीम की दुनिया को दर्शाना चाहते हैं।"
प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग डायरेक्टर मनीष मेनघानी ने कहा, "यह सीरीज महत्वाकांक्षा और उम्मीदों को एक सहज और दिल से जुड़ने वाले अंदाज में पेश करती है।"
.png)