क्या है जी5 का नया रियलिटी शो 'मां है ना'? जानें शिल्पा शेट्टी के साथ इस खास सफर के बारे में!
जी5 का नया शो 'मां है ना'
मुंबई, 15 मई। जी5 अपने नए रियलिटी शो 'मां है ना' का प्रीमियर करने के लिए तैयार है, जिसे शिल्पा शेट्टी होस्ट करेंगी।
इस शो में 'बिग बॉस 19' की चर्चित प्रतियोगी तान्या मित्तल और अभिनेत्री उर्वशी ढोलकिया अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल होंगी।
तान्या मित्तल अपनी मां सुनीता मित्तल के साथ नजर आएंगी, जो उनके लिए टेलीविजन पर पहली बार होगा। वहीं, उर्वशी अपने बेटे क्षितिज ढोलकिया के साथ शो में भाग लेंगी।
तान्या ने इस अनुभव को भावनात्मक और व्यक्तिगत बताया। उन्होंने कहा, “हम कितने भी आत्मनिर्भर क्यों न हो जाएं, हमेशा कोई ऐसा होता है, जिसके पास हम सुकून पाने के लिए लौटते हैं, और मेरे लिए वह मेरी मां हैं। 'मां है ना' मेरे दिल के करीब है, क्योंकि इसमें परिवार के असली पल, हंसी-मजाक, छोटी-मोटी तकरारें और दिल को छू लेने वाली बातें दिखाई गई हैं। इस शो ने मुझे और मेरी मां को एक साथ समय बिताने का मौका दिया, जो आमतौर पर हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में नहीं होता। यह मेरे लिए एक खास अनुभव है, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी। मेरी मां के लिए भी यह उनका पहला रियलिटी शो है।”
उर्वशी ढोलकिया ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, “अपने बेटे के साथ 'मां है ना' करना मेरे लिए बहुत खास रहा, क्योंकि जिंदगी में ऐसा मौका अक्सर नहीं मिलता कि आप अपने बच्चे के साथ इतने सच्चे तरीके से समय बिता सकें। हमने हंसी-मजाक किया, थोड़ी-बहुत अनबन भी हुई, और साथ में खाना भी बनाया। इन सब के बीच, हम एक-दूसरे से फिर से जुड़ पाए, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी। मेरे लिए यही बिना बनावट वाले पल इस अनुभव को खूबसूरत बनाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, 'मां है ना' एक दिल को छू लेने वाला शो है, जो मशहूर मांओं और उनके बच्चों को एक साथ लाता है। यह शो बिना किसी स्क्रिप्ट के असली पलों को दिखाता है, जहां मां-बच्चे की जोड़ियां साथ मिलकर खाना बनाती हैं, बहस करती हैं, हंसती हैं और सच्ची व भावनात्मक बातचीत के ज़रिए एक-दूसरे से फिर से जुड़ती हैं।
.png)