क्या है गौरी अग्रवाल का नया अवतार? जानें ‘जाने अनजाने हम मिले’ में उनके चुनौतीपूर्ण किरदार के बारे में!
गौरी अग्रवाल का किरदार: एक नया मोड़
मुंबई, 14 अप्रैल। टीवी धारावाहिक ‘जाने अनजाने हम मिले’ में कीर्ति का किरदार निभा रही गौरी अग्रवाल ने अपने रोल में आए बदलाव को बेहद चुनौतीपूर्ण बताया है। पहले एक सकारात्मक और प्यारी लड़की के रूप में दर्शकों के सामने आई कीर्ति अब पूरी तरह से एक नेगेटिव किरदार में बदल चुकी हैं।
गौरी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि इस बदलाव ने उन्हें अभिनय के नए पहलुओं से अवगत कराया है। उनका कहना है कि यह ट्रांसफॉर्मेशन शारीरिक और भावनात्मक दोनों दृष्टिकोण से काफी मांग वाला रहा है।
उन्होंने साझा किया, “शुरुआत में कीर्ति बहुत सकारात्मक थी, लेकिन समय के साथ उसका किरदार ग्रे शेड्स में बदल गया और अब वह पूरी तरह से नेगेटिव हो चुकी है। मुझे खुद को याद दिलाना पड़ता है कि जो कुछ कीर्ति कर रही है, वह उसके किरदार की सोच के अनुसार है, भले ही व्यक्तिगत रूप से मुझे उन कार्यों को सही ठहराना मुश्किल लगे।”
गौरी ने कुछ कठिन दृश्यों का उल्लेख करते हुए कहा, “कुछ सीन ऐसे थे जहां मेरी नैतिकता मुझे रोक रही थी। उन दृश्यों को पूरी शिद्दत से निभाना मेरे लिए भावनात्मक रूप से बहुत कठिन था। एक अभिनेत्री के रूप में मुझे यह समझना था कि मैं केवल अपने किरदार के सफर को आगे बढ़ा रही हूं। ऐसे दृश्य भावनात्मक और शारीरिक दोनों तरह से चुनौतीपूर्ण रहे, क्योंकि मुझे यह सुनिश्चित करना था कि दृश्य वास्तविक लगें, लेकिन किसी भी हद को पार न करें।”
अभिनेत्री ने आगे कहा कि नेगेटिव किरदार बनने के बाद कीर्ति के इंटेंस फैसलों को समझना और उन्हें इमोशनल स्तर पर स्वीकार करना उनके लिए एक निरंतर प्रक्रिया रही है। कीर्ति जिस हद तक जाती है, रीत और राघव को नुकसान पहुंचाना, गुस्सा दिखाना या खुद को चरम स्थिति में ले जाना, यह सब बहुत खतरनाक है। इन चीजों को समझना और इमोशनली सही ठहराना मेरे लिए काफी मुश्किल रहा है।
इस शो में गौरी अग्रवाल के साथ भारत अहलावत राघव का किरदार निभा रहे हैं, जबकि आयुषी खुराना रीत की भूमिका में हैं। जी टीवी का यह धारावाहिक रोजाना रात 10:30 बजे प्रसारित होता है।
.png)