Movie prime

क्या सलमान खान ने मनोज तिवारी की बेटी के साथ 'बिग बॉस' में किया मजेदार मजाक?

सलमान खान एक बार फिर 'बिग बॉस 20' के साथ टीवी पर लौट रहे हैं, जहां उन्होंने भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी और उनकी बेटी रिति तिवारी के साथ मजेदार पल साझा किए। नए प्रोमो में सलमान ने 'बिग बॉस 4' की चर्चित अंडे वाली लड़ाई का जिक्र किया, जिससे दर्शकों को पुरानी यादें ताजा हो गईं। जानें इस मजेदार बातचीत में और क्या हुआ!
 

सलमान खान का 'बिग बॉस 20' में धमाकेदार आगाज




मुंबई, 6 सितंबर। सलमान खान एक बार फिर 'बिग बॉस' के नए सीजन के साथ छोटे पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं। 'बिग बॉस 20' के प्रीमियर से पहले शो के कई मजेदार क्षण सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में मेकर्स ने एक नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें सलमान खान भोजपुरी अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं।


इस दौरान मनोज तिवारी की बेटी रिति तिवारी भी स्टेज पर आती हैं। प्रोमो में 'बिग बॉस 4' की 'अंडे वाली लड़ाई' का जिक्र भी किया गया है।


प्रोमो की शुरुआत मनोज तिवारी के स्टेज पर आने से होती है। वह अपने प्रसिद्ध गाने 'रिंकिया के पापा' को गाते हुए 'बिग बॉस 20' के मंच पर प्रवेश करते हैं। इसके बाद वह सलमान को बताते हैं कि वह इस बार घर में रहने या प्रतियोगी बनने नहीं आए हैं, बल्कि अपनी बेटी रिति तिवारी को शो में छोड़ने आए हैं। जैसे ही रिति स्टेज पर आती हैं, सलमान मजेदार अंदाज में उनसे बातचीत शुरू कर देते हैं।


सलमान 'बिग बॉस 4' में मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा के बीच अंडे की लड़ाई का जिक्र करते हुए रिति से मजाक करते हैं, ''घर के अंदर अंडे को लेकर कभी लड़ाई मत करना।'' इसके बाद वह मनोज तिवारी की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, 'ऐ बाप पे मत जाना।' सलमान की इस बात पर मनोज तिवारी अपना चेहरा छिपा लेते हैं।


यह मजाक 'बिग बॉस 4' की उस चर्चित लड़ाई से जुड़ा है, जिसमें मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा के बीच अंडे को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मनोज नाश्ते में ऑमलेट बनाना चाहते थे, जबकि डॉली ने उनसे पहले बचा हुआ खाना खत्म करने को कहा था। इसी बात पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई थी।


इस लड़ाई के दौरान मनोज तिवारी ने गुस्से में कहा था, 'किचन किसी के बाप का नहीं है।' इसके जवाब में डॉली बिंद्रा ने कहा था, 'बाप पे बोलना नहीं।' यह बहस बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और आज भी 'बिग बॉस' के सबसे चर्चित पलों में गिनी जाती है।


गौरतलब है कि सलमान खान ने 2010 में 'बिग बॉस 4' से इस शो के होस्ट के रूप में शुरुआत की थी। उन्होंने अमिताभ बच्चन की जगह ली थी और तब से वह लगातार 'बिग बॉस' के सबसे चर्चित चेहरों में बने हुए हैं। अब 6 सितंबर से 'बिग बॉस 20' के साथ सलमान एक बार फिर दर्शकों के बीच अपने खास अंदाज में लौट रहे हैं।


OTT