क्या मानसी श्रीवास्तव ने ‘लक्ष्मी निवास’ के किरदार से सीखी बड़बड़ाने की आदत?
मानसी श्रीवास्तव की नई आदत
मुंबई, 31 मार्च। टीवी धारावाहिक ‘लक्ष्मी निवास’ में रेवती का किरदार निभा रही मानसी श्रीवास्तव ने अपने किरदार की एक अनोखी आदत को अपनी असल जिंदगी में भी अपना लिया है। रेवती की खुद से बड़बड़ाने की आदत अब मानसी की दिनचर्या का हिस्सा बन गई है। अभिनेत्री का मानना है कि जब कोई आदत दिल से जुड़ जाती है, तो वह स्क्रीन पर भी वास्तविक लगती है।
रेवती, जो ‘लक्ष्मी निवास’ में एक साधारण, ऊर्जावान और परिवार की देखभाल करने वाली महिला है, दिनभर काम करते हुए खुद से बातें करती रहती है। शो में 'दादी जी' ने इसी आदत के कारण उसे प्यार से ‘गुनगुनाती गौरी’ का नाम दिया है। यह छोटी सी आदत रेवती के किरदार को दर्शकों के बीच बेहद प्रिय और यादगार बना देती है।
मानसी ने जी टीवी पर प्रसारित हो रहे शो के किरदारों के बारे में बताया कि हर किरदार इतना वास्तविक और संबंधित है कि दर्शक खुद को उससे जोड़ लेते हैं। उनका मानना है कि अच्छा अभिनय केवल स्क्रीन तक सीमित नहीं होता, बल्कि कभी-कभी किरदार कलाकार की जिंदगी का हिस्सा बन जाता है।
मानसी श्रीवास्तव ने कहा, “रेवती एक साधारण, प्यारी और देखभाल करने वाली महिला है। मुझे उसके किरदार से तुरंत जुड़ाव महसूस हुआ, क्योंकि असल जिंदगी में भी मुझे लोगों की देखभाल करना बहुत पसंद है।”
उन्होंने आगे कहा, “रेवती की सबसे खास आदत है कि वह दिनभर काम करते हुए खुद से बड़बड़ाती रहती है। जब मैं इस रोल की तैयारी कर रही थी, तो अनजाने में यह आदत मुझमें भी आ गई। अब असल जिंदगी में भी मैं अक्सर खुद से बड़बड़ाने लगती हूं। यह स्वाभाविक रूप से हो गया। मुझे लगता है कि जब कोई आदत दिल से जुड़ जाती है, तो वह स्क्रीन पर भी बहुत ईमानदार और सच्ची लगती है।”
‘लक्ष्मी निवास’ मध्यमवर्गीय परिवार की छोटी-छोटी खुशियों, रिश्तों और भावनाओं को बड़े प्यार से दर्शाता है। मानसी ने बताया कि रेवती अपनी दुनिया, अपने घर और अपने परिवार से गहराई से जुड़ी हुई है और मैंने रेवती की सादगी, सहजता और बोलने के तरीके को स्क्रीन पर जीवंत बनाने की पूरी कोशिश की है।
.png)