क्या आप तैयार हैं? 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में एपी ढिल्लों और अनुभव सिंह बस्सी का धमाल!
शो में म्यूजिक और कॉमेडी का अनोखा संगम
मुंबई, 5 फरवरी। 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' हमेशा से अपनी बेहतरीन कॉमेडी और मनोरंजक क्षणों के लिए प्रसिद्ध रहा है। इस बार शो में एक ऐसी जोड़ी नजर आएगी, जो दर्शकों को हंसी और संगीत का अद्भुत मिश्रण प्रदान करेगी। पंजाबी गायक एपी ढिल्लों और स्टैंड-अप कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी आगामी एपिसोड में मेहमान के रूप में शामिल होंगे। नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस शो का एक प्रोमो भी जारी किया है।
प्रोमो की शुरुआत कपिल के मजेदार चुटकुले से होती है। वह कहते हैं कि आज शो में दो ग्लोबल सितारे हैं, एक एपी ढिल्लों और दूसरा मैं, कपिल शर्मा। इस मजेदार संवाद पर बस्सी हंस पड़ते हैं।
कपिल दर्शकों को बताते हैं कि एक तरफ है इंटरनेशनल मंच पर अपने टैलेंट का जलवा बिखेरने वाला गायक, और दूसरी तरफ है एक ऐसा कॉमेडियन, जिसकी बातें भी उतनी ही मजेदार हैं। जैसे-जैसे प्रोमो आगे बढ़ता है, हंसी और मस्ती का माहौल और भी बढ़ जाता है।
कपिल ने एपी ढिल्लों के कॉन्सर्ट्स का जिक्र किया, जिनकी टिकटों की कीमत 6 लाख रुपए होती है। उन्होंने मजाक में कहा कि जब एपी स्टेज पर अपने टैलेंट का प्रदर्शन कर रहे थे, तब दर्शक नीचे अपने टैलेंट का प्रदर्शन कर रहे थे। इस पर पूरा स्टूडियो हंसने लगता है।
शो में अन्य कॉमेडी किरदारों की एंट्री से माहौल और भी मजेदार हो जाता है। कीकू शारदा छोटे शेख के रूप में और कृष्णा अभिषेक बड़े शेख के किरदार में नजर आते हैं। दोनों मिलकर शो में और भी मस्ती भर देते हैं। इसके बाद सुनील ग्रोवर अपने नए किरदार डायमंड राजा के रूप में आते हैं, जिससे एपिसोड पूरी तरह से रोमांचक हो जाता है।
पिछले एपिसोड में मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान भी आए थे। उनके साथ अभिनेता विजय सेतुपति, अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ जाधव भी मौजूद थे। शो में कपिल के साथ एक मैसेज पासिंग गेम खेलते हुए ए. आर. रहमान ने कहा कि यह गेम इस बात का सही उदाहरण है कि कैसे एक बात एक कान से दूसरे कान तक पहुंचते-पहुंचते पूरी तरह बदल जाती है।
गौरतलब है कि ए. आर. रहमान अपने हिंदी सिनेमा और सांप्रदायिकता से जुड़े बयानों के कारण विवादों में हैं।
.png)