अर्चना पूरन सिंह की 'कंजूसी' पर खुलासा: अक्षय कुमार ने साझा किए संघर्ष के दिन!
अर्चना पूरन सिंह की अनोखी आदत
मुंबई, 10 अप्रैल। फिल्म इंडस्ट्री में सितारे अक्सर अपनी फिल्मों और ग्लैमर के लिए चर्चा में रहते हैं, लेकिन कभी-कभी उनकी छोटी-छोटी आदतें भी लोगों का दिल जीत लेती हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प क्षण 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के आगामी एपिसोड में देखने को मिलेगा। इस एपिसोड में अर्चना पूरन सिंह अपनी एक ऐसी आदत के बारे में खुलकर चर्चा करेंगी, जिसे लोग अक्सर कंजूसी समझते हैं।
शो के दौरान अर्चना ने बताया, "जब मैं किसी रेस्टोरेंट में जाती हूं, तो वहां मिलने वाले बड़े टिश्यू पेपर को बिना पूरा इस्तेमाल किए फेंकने के बजाय उसे संभालकर रख लेती हूं, ताकि बाद में उसे मेकअप हटाने या साफ करने के लिए इस्तेमाल कर सकूं। हालांकि, लोग इसे कंजूसी समझते हैं, जबकि यह चीजों को बर्बाद होने से बचाने की कोशिश है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं पुरानी चीजों को फेंकने में विश्वास नहीं रखती। अगर कोई चीज पुरानी हो जाती है, तो उसे नए तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, पुराने कपड़ों से झाड़न या पोछा बनाया जा सकता है। मेरे पास आज भी 25 से 30 साल पुराने कपड़े हैं। लोग मुझे सलाह देते हैं कि मैं इन्हें फेंक दूं क्योंकि फैशन बदल रहा है, लेकिन मेरा मानना है कि फैशन कभी खत्म नहीं होता, बल्कि समय के साथ वापस लौटता है। इसलिए मैं पुराने कपड़ों को संभालकर रखना बेहतर समझती हूं।"
अक्षय कुमार के संघर्ष के दिन
इसी एपिसोड में अक्षय कुमार अपने पुराने संघर्ष के दिनों को याद करते हैं। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब वह और अर्चना के पति परमीत सेठी दोनों काम की तलाश में भटकते थे।
अक्षय ने कहा, "हम दोनों मशहूर फिल्म निर्माता सुभाष घई के ऑफिस के बाहर घंटों बैठकर मौके का इंतजार करते थे। उस समय हमारे पास काम नहीं था और भविष्य की चिंता सताती रहती थी, लेकिन उन मुश्किल दिनों में भी उम्मीद और दोस्ती बनी रही। वह समय भले ही संघर्ष भरा था, लेकिन आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो वही दिन सबसे यादगार लगते हैं।"
इस पर अर्चना ने बताया कि बाद में अक्षय और परमीत ने साथ में फिल्म 'धड़कन' में काम किया, जो सुपरहिट साबित हुई।
अक्षय कुमार मजाक में कहते हैं कि उन्होंने सुना है कि अर्चना ने कभी होटल से बाथरोब चुरा लिया था। इस पर अर्चना ने भी उसी अंदाज में जवाब देते हुए कहा, "अगर अक्षय यह साबित कर दें, तो मैं उन्हें मड आइलैंड वाला अपना बंगला दे दूंगी।"
.png)