Movie prime

सौमित्र चटर्जी: बंगाली सिनेमा के दिग्गज का अद्वितीय सफर

सौमित्र चटर्जी, बंगाली सिनेमा के एक महानायक, ने अपने अद्वितीय अभिनय से दर्शकों का दिल जीता और भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाई। सत्यजीत रे के प्रिय अभिनेता के रूप में, उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम किया। उनके जीवन की कहानी, थिएटर से लेकर फिल्मी करियर तक, प्रेरणादायक है। जानें उनके पुरस्कार, योगदान और अंतिम दिनों के बारे में इस लेख में।
 

सौमित्र चटर्जी का जीवन और करियर




नई दिल्ली, 14 नवंबर। भारतीय सिनेमा में कुछ ऐसे कलाकार होते हैं, जिनकी पहचान केवल उनकी फिल्मों तक सीमित नहीं होती, बल्कि उनका अभिनय आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बन जाता है। ऐसे ही एक महान अभिनेता थे सौमित्र चटर्जी। बंगाली सिनेमा के इस अद्वितीय कलाकार ने अपनी अदाकारी से न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


सौमित्र चटर्जी, प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे के प्रिय अभिनेता थे। दोनों ने मिलकर कई यादगार फिल्मों में काम किया।


सौमित्र चटर्जी का जन्म 19 जनवरी 1935 को कोलकाता में हुआ। उनका बचपन पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में बीता। उनके परिवार का थिएटर से गहरा संबंध था। उनके दादा एक थिएटर ग्रुप के अध्यक्ष थे, और उनके पिता एक वकील होने के साथ-साथ शौकिया अभिनेता भी थे। इस कारण से सौमित्र का झुकाव अभिनय की ओर बढ़ा।


स्कूल के दिनों में, उन्होंने नाटकों में भाग लिया। जब उनके अभिनय की सराहना होने लगी, तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। उन्होंने कोलकाता के सिटी कॉलेज से बंगाली साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और कलकत्ता विश्वविद्यालय से इसी विषय में मास्टर डिग्री हासिल की।


अभिनय को गंभीरता से अपनाने का निर्णय उन्होंने थिएटर के दिग्गज कलाकार शिशिर भादुड़ी के नाटक को देखने के बाद लिया। उनके अभिनय से प्रभावित होकर, सौमित्र उनसे मिलने गए और बाद में शिशिर उनके गुरु बन गए।


फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले, सौमित्र चटर्जी ने ऑल इंडिया रेडियो में अनाउंसर के रूप में काम किया। इसी दौरान, उन्हें फिल्मों में काम करने की इच्छा जागृत हुई। उनकी किस्मत तब बदली जब उनकी मुलाकात प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे से हुई।


सत्यजीत रे अपनी फिल्म 'अपराजितो' के लिए नए चेहरे की तलाश कर रहे थे। उन्होंने सौमित्र का स्क्रीन टेस्ट लिया, लेकिन उस समय वह किशोर अपू के किरदार के लिए उम्र में बड़े लग रहे थे। इसलिए उन्हें फिल्म में मौका नहीं मिला।


हालांकि, सत्यजीत रे ने उन्हें भुलाया नहीं। लगभग दो साल बाद, उन्होंने सौमित्र को अपनी फिल्म 'अपुर संसार' में युवा अपू का किरदार ऑफर किया। यह फिल्म 'द अपू ट्रिलॉजी' का तीसरा भाग था और 1959 में रिलीज हुई। इसी फिल्म से सौमित्र ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की।


सौमित्र चटर्जी और सत्यजीत रे की जोड़ी ने बंगाली सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। 'अपुर संसार' के बाद, दोनों ने 'देवी', 'चारुलता', 'कापुरुष' और 'शाखा प्रोशाखा' जैसी फिल्मों में साथ काम किया। दोनों के बीच तालमेल इतना शानदार था कि सत्यजीत रे ने कई किरदार सौमित्र के लिए लिखे।


सौमित्र ने मृणाल सेन, तपन सिन्हा, अजय कर, तरुण मजूमदार और अपर्णा सेन जैसे कई बड़े निर्देशकों के साथ भी काम किया। उनके करियर में ‘अकाश कुसुम’, ‘झिंदेर बंदी’, ‘परिणीता’, ‘तीन भुबनेर पारे’ और ‘कोनी’ जैसी फिल्में शामिल हैं।


अभिनय के अलावा, सौमित्र को थिएटर, कविता और लेखन का भी शौक था। उन्होंने कई नाटकों में काम किया और कविता की 12 से अधिक किताबें प्रकाशित कीं।


सिनेमा और थिएटर में उनके योगदान के लिए सौमित्र चटर्जी को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। 1999 में, उन्हें फ्रांस के प्रतिष्ठित 'ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स' के कमांडर सम्मान से नवाजा गया। वह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय फिल्मी व्यक्तित्व थे।


इसके अलावा, उन्हें 2004 में पद्म भूषण और 2012 में भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और कई अन्य सम्मान भी मिले।


सौमित्र चटर्जी ने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा कला और सिनेमा को समर्पित कर दिया। अक्टूबर 2020 में, वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। बाद में उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों के कारण उनकी स्थिति गंभीर होती चली गई। 15 नवंबर 2020 को कोलकाता के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।


OTT