तेलंगाना गद्दार फिल्म अवॉर्ड्स में चिरंजीवी को मिला एनटीआर अवॉर्ड, राम चरण ने साझा किया भावुक संदेश
तेलंगाना गद्दार फिल्म अवॉर्ड्स का भव्य आयोजन
मुंबई, 20 मार्च। उगादी के खास मौके पर तेलंगाना गद्दार फिल्म अवॉर्ड्स का शानदार आयोजन किया गया। इस समारोह में तेलुगु सिनेमा के कई कलाकारों, निर्देशकों और तकनीशियनों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साउथ सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी को भी एक विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।
चिरंजीवी को प्रतिष्ठित एनटीआर नेशनल फिल्म अवॉर्ड से नवाजा गया। अपने पिता को इस सम्मानित होते देख अभिनेता राम चरण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी व्यक्त की।
उन्होंने एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें तेलंगाना गद्दार फिल्म अवॉर्ड्स के लिए धन्यवाद देते हुए लिखा कि यह उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है। राम ने कहा, "तेलंगाना गद्दार फिल्म अवॉर्ड्स को दिल से धन्यवाद, जिन्होंने सिनेमा का जश्न मनाया और अद्भुत प्रतिभाओं को सम्मानित किया। सभी विजेताओं को बधाई। चिरंजीवी का एनटीआर अवॉर्ड पाना हमारे लिए गर्व और भावनाओं से भरा पल है। उनकी मेहनत और सिनेमा के प्रति प्रेम ने पीढ़ियों को प्रेरित किया है।"
उन्होंने आगे तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और सरकार को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस भव्य समारोह का आयोजन किया।
इस भव्य कार्यक्रम में मनोरंजन जगत के कई कलाकारों ने भाग लिया। इसे सुमा कनाकाला और प्रदीप मचीराजू ने होस्ट किया। निधि अग्रवाल की डांस परफॉर्मेंस के साथ-साथ श्रेया घोषाल, देवी श्री प्रसाद और मंगली के लाइव म्यूजिक शो का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा, तेलंगाना की संस्कृति को दर्शाते हुए रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
हाल ही में, चिरंजीवी फिल्म 'माना शंकरा वरप्रसाद गारू' में नजर आए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही है। निर्देशक अनिल रविपुडी की यह फिल्म दर्शकों को बहुत पसंद आ रही है और इसे तेलुगु सिनेमा में एक ब्लॉकबस्टर माना जा रहा है।
.png)