जूनियर एनटीआर का धमाकेदार जन्मदिन तोहफा: 'ड्रैगन' का टीजर हुआ रिलीज!
जूनियर एनटीआर का नया प्रोजेक्ट 'ड्रैगन'
हैदराबाद, 20 मई। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता जूनियर एनटीआर को आज देश के प्रमुख कलाकारों में से एक माना जाता है। उनकी फिल्म 'आरआरआर' ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई है, जिसके बाद उनके नए प्रोजेक्ट्स का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। हाल ही में, उन्होंने अपने 43वें जन्मदिन पर अपनी आगामी फिल्म 'ड्रैगन' का पहला टीजर जारी किया। इस टीजर में जूनियर एनटीआर का एक शक्तिशाली और खतरनाक रूप देखने को मिला है।
फिल्म 'ड्रैगन' का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक प्रशांत नील कर रहे हैं। टीजर में एक रहस्यमय और हिंसक दुनिया का चित्रण किया गया है, जिसमें जूनियर एनटीआर का किरदार बेहद प्रभावशाली और डरावना नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह फिल्म में 'अफगान ट्रेडिंग कंपनी' के सबसे बड़े शूटर और हत्यारे लूगर का किरदार निभाएंगे, जिसे 'ड्रैगन' के नाम से भी जाना जाता है।
टीजर में धुएं, आग, और हथियारों से भरा माहौल दर्शाया गया है, जिससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि फिल्म में अफीम के कारोबार और उससे जुड़ी जंग को दिखाया जाएगा।
टीजर की शुरुआत एक बैकग्राउंड वॉइस ओवर से होती है, जिसमें बताया गया है कि ब्रिटिश भारत में अफीम की खेती के लिए आए थे, जिससे हेरोइन बनती है। अंग्रेजों ने भारत में उन स्थानों पर कब्जा किया, जहां प्रतिबंधित ड्रग्स की खेती होती थी। जब अंग्रेज चले गए, तो 'अफगान ट्रेडिंग कंपनी' और 'गोल्डन ट्रायंगल' नामक दो समूहों ने इस कारोबार पर अपनी नजरें गड़ाई और अपने हिस्से के लिए संघर्ष शुरू किया।
टीजर में कुछ दमदार संवाद भी हैं, जैसे- ''जब मैं सोने के लिए अपनी आंखें बंद करता हूं, तो मुझे उन लोगों के चेहरे नहीं दिखते जिन्हें मैंने मारा है। मुझे सिर्फ बचे हुए दुश्मनों के चेहरे दिखते हैं। गलती से भी मेरे सपनों में मत आना।''
जूनियर एनटीआर ने इंस्टाग्राम पर 'ड्रैगन' के टीजर को मिले शानदार रिस्पॉन्स पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने प्रशांत नील की तारीफ करते हुए कहा, '''ड्रैगन' का सपना सबसे पहले प्रशांत नील ने देखा था और इसका पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है। फिल्म की पहली झलक पर दर्शकों का प्यार देखकर पूरी टीम के चेहरे पर मुस्कान आ गई है। दर्शकों की प्रतिक्रिया ने टीम को आत्मविश्वास और उत्साह दिया है।
.png)