जावेद अख्तर का वायरल वीडियो: हिंदू संस्कृति की विविधता पर खुलकर बोले
जावेद अख्तर का नया वीडियो चर्चा में
मुंबई, 12 जुलाई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अपने स्पष्ट विचारों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस क्लिप में, वह हिंदू संस्कृति, भारतीय परंपराओं और देश की लोकतांत्रिक सोच की सराहना करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनका मानना है कि भारत की सबसे बड़ी ताकत इसकी विविधता और हर विचार को स्वीकार करने की क्षमता है।
इस वायरल वीडियो में जावेद अख्तर कहते हैं, ''हिंदू संस्कृति की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां आपको अपनी बात कहने, सुनने और किसी भी विचार पर विश्वास करने की स्वतंत्रता है। यही इस देश के लोकतंत्र की असली ताकत है। अगर आप भारत से बाहर निकलें, तो भूमध्यसागर के किनारे आपको ऐसा लोकतंत्र आसानी से नहीं मिलेगा।''
इससे पहले भी जावेद अख्तर का एक अन्य वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित हुआ था, जिसमें वह संस्कृति और धर्म के बीच के अंतर को स्पष्ट करते नजर आए थे। जावेद अख्तर खुद को नास्तिक मानते हैं और उन्होंने कई बार कहा है कि उनका किसी धर्म में व्यक्तिगत विश्वास नहीं है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह भारतीय संस्कृति और त्योहारों से दूर हैं।
वीडियो में उन्होंने कहा, ''इंसान केवल वही नहीं होता जो वह खुद को समझता है, बल्कि वह भी होता है जैसा दुनिया उसे देखती है। मेरा किसी धर्म में विश्वास नहीं है, लेकिन ईद पर मुझे शुभकामनाएं मिलती हैं। मैं बकरीद नहीं मनाता, फिर भी लोग मुझे बधाई देते हैं। मेरे परिवार में ईद, क्रिसमस, होली और दिवाली जैसे सभी त्योहार खुशी से मनाए जाते हैं। हमारे घर पर फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी होली होती है, लेकिन हम इसे धर्म नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति मानते हैं।''
जावेद अख्तर ने आगे कहा, "यही भारत की संस्कृति है। हम धर्म के कारण अपनी संस्कृति को नहीं छोड़ेंगे। धर्म अलग हो सकता है, लेकिन संस्कृति एक खूबसूरत चीज है। होली और दिवाली जैसे त्योहार बेहद सुंदर हैं। इन्हें छोड़ने की कोई वजह नहीं है। वास्तव में, अगर आप किसी मानवविज्ञानी से पूछेंगे, तो वह बताएगा कि इन त्योहारों की शुरुआत धर्म ने नहीं, बल्कि संस्कृति ने की थी। बाद में धर्म ने इन्हें अपने भीतर समाहित कर लिया।"
.png)