क्या है 'आई-पॉपस्टार' की कहानी? जानें रोहित राउत की जीत के पीछे की प्रेरणा!
रोहित राउत बने 'आई-पॉपस्टार' के पहले विजेता
मुंबई, 28 नवंबर। स्वतंत्र संगीतकारों के लिए भारत में अवसरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी दिशा में एक नया मंच 'आई-पॉपस्टार' सामने आया है, जिसने युवा और प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका दिया। यह रियलिटी शो छह हफ्तों तक चला, जिसमें दर्शकों को न केवल मनोरंजन मिला, बल्कि कलाकारों की वास्तविक कहानियों और भावनाओं का भी अनुभव हुआ।
इस शो का खिताब रोहित राउत ने जीता, जो पहले 'आई-पॉपस्टार' बने। इस जीत के साथ उन्हें सात लाख रुपए का नकद पुरस्कार भी मिला। रोहित की मेहनत, उत्साह और मंच पर आत्मविश्वास ने उन्हें जजों और दर्शकों का प्रिय बना दिया। इस सफलता ने उनके करियर को नई दिशा दी।
रनर-अप ऋषभ पंचाल ने तीन लाख रुपए का पुरस्कार जीता और उन्होंने पूरे देश में अपनी पहचान बनाई। दर्शकों ने उनकी मेहनत और प्रतिभा की सराहना की।
शो के जज रैपर किंग ने कहा, "'आई-पॉपस्टार' ने यह साबित कर दिया है कि भारत का पॉप संगीत भविष्य में कैसा होगा - मजबूत, निडर और ईमानदार।"
उन्होंने आगे कहा, "युवा कलाकारों का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि स्वतंत्र संगीत का महत्व कितना बड़ा है। हर कलाकार ने अपने तरीके से कुछ नया और असली पेश किया, जो इस शो को खास बनाता है।"
रोहित राउत ने अपने सफर को याद करते हुए कहा, "जब मैं शो में आया था, तब मुझे अपने आप को एक कलाकार के रूप में साबित करने की कोशिश करनी थी। लेकिन अब जब मैं विजेता बन गया हूं, तो मुझे अपनी कला पर पूरा विश्वास हो गया है। मैं अपने मेंटर और सिंगर परमिश वर्मा का विशेष धन्यवाद करना चाहता हूं, क्योंकि उनके बिना यह जीत संभव नहीं थी।"
रोहित ने अपने फैंस और दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह जीत उन सभी क्षेत्रीय कलाकारों को समर्पित की, जो अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही, रोहित ने अमेजन एमएक्स प्लेयर का भी धन्यवाद किया, जिसने स्वतंत्र कलाकारों को बड़े स्तर पर मंच और अवसर प्रदान किए।
.png)