क्या आप जानते हैं विवेकानंदन की कॉमेडी का राज? जानें इस साउथ स्टार की पुण्यतिथि पर उनकी अनकही बातें!
विवेकानंदन: साउथ सिनेमा के कॉमेडी किंग
मुंबई, 16 अप्रैल। जब भी तमिल फिल्मों में कॉमेडी का जिक्र होता है, अभिनेता विवेकानंदन का नाम सबसे पहले आता है। उन्होंने अपनी कल्ट कॉमेडी फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई और साउथ सिनेमा में अपनी अनोखी कॉमेडी शैली से एक गहरी छाप छोड़ी।
विवेक ने अपने करियर में 200 से अधिक फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्होंने बहुत कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी पुण्यतिथि 17 अप्रैल को मनाई जाती है।
सिनेमा में विवेक के नाम से मशहूर इस अभिनेता के लिए कॉमेडी ही सब कुछ था। तमिलनाडु में जन्मे विवेक ने मद्रास ह्यूमर क्लब से स्टैंड-अप कॉमेडियन के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। उन्हें चेन्नई में सचिवालय में काम करते हुए भी कई पुरस्कार मिले। उनके मंच पर किए गए कॉमेडी प्रदर्शन ने दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया। विवेक को सिनेमा जगत के दिग्गज निर्देशक के. बालाचंदर ने पहचान दिलाई, जिन्होंने रजनीकांत जैसे महान कलाकारों को भी सिनेमा से जोड़ा।
1987 में विवेक ने फिल्म 'मनथिल उरुधि वेंडम' से तमिल सिनेमा में कदम रखा। 80 के दशक में उन्होंने कई छोटी भूमिकाएँ निभाईं, लेकिन 90 के दशक के अंत में वह बड़े कॉमेडियन के रूप में उभरे। 2000 से 2001 के बीच उन्होंने 50 से अधिक फिल्मों में काम किया और तमिल सिनेमा का एक लोकप्रिय चेहरा बन गए। विवेक ने रजनीकांत, आर माधवन, और थलापति विजय के साथ भी काम किया और दर्शकों को खूब हंसाया।
उन्होंने 'खुशी', 'मिन्नाले', 'अलाइपायुथे', 'मुगावरी', 'डम्म डम्म डम्म', 'शिवाजी द बॉस' जैसी कई सफल फिल्मों में अभिनय किया। कॉमेडी के अलावा, उन्होंने सामाजिक संदेश देने वाली फिल्मों में भी काम किया। उनकी फिल्म 'कधल सदुगुदु' ने बलात्कारी द्वारा पीड़िता से शादी करने की समाज की सोच पर सवाल उठाया। उनकी कई फिल्में समाज में अंधविश्वासों और रीति-रिवाजों पर प्रहार करती हैं।
अपने करियर में विवेक ने कई पुरस्कार भी जीते। उन्हें 2009 में सिनेमा में उनके योगदान के लिए भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से नवाजा गया। इसके अलावा, उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के साथ ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ जागरूकता अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और 'ग्रीन कलाम' योजना को सफलतापूर्वक चलाने में मदद की।
.png)