उपेंद्र का अनोखा लुक: 'जॉम्बी रेड्डी-2 एनएक्सटी एलवीएल' का फर्स्ट लुक हुआ रिलीज!
उपेंद्र का नया अवतार
मुंबई, 18 सितंबर। निर्देशक सुपर्ण एस वर्मा की नई फिल्म 'जॉम्बी रेड्डी-2 एनएक्सटी एलवीएल' के निर्माताओं ने अभिनेता उपेंद्र के जन्मदिन पर उनका फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया है। यह एक रोमांचक जॉम्बी एक्शन-कॉमेडी है, जो 2021 की सफल फिल्म 'जॉम्बी रेड्डी' का अगला भाग है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर, निर्देशक सुपर्ण एस वर्मा ने उपेंद्र के पहले लुक का पोस्टर साझा किया। इस पोस्टर में उपेंद्र एक दमदार और अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं, जो तुरंत ही दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
पोस्टर में उपेंद्र एक विशाल पेड़ की शाखा पर उल्टा लटके हुए हैं, उनके हाथ में एक हथियार है। उनके बिखरे बाल, रफ लुक और प्रभावशाली एक्सप्रेशन उनके किरदार को और भी रहस्यमय बना रहे हैं।
उनकी डार्क ड्रेस और आदिवासी स्टाइल का डिजाइन उनके लुक को और भी अनोखा और रॉ बना रहा है। पीछे का घना जंगल, जलती हुई मशालें और कुछ रहस्यमय परछाइयां इस दृश्य को और भी डरावना बना रही हैं। पोस्टर पर लिखी टैगलाइन 'दुनिया को उल्टा करने के लिए तैयार' इसकी प्रभावशीलता को और बढ़ा रही है।
निर्देशक ने तस्वीर के साथ लिखा, "रियल स्टार उपेंद्र को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। 'जॉम्बी रेड्डी-2 एनएक्सटी एलवीएल' में उनका ऐसा अवतार देखने को मिलेगा जो पहले कभी नहीं देखा गया, जो पागलपन, खौफ और मास एंटरटेनमेंट का नया लेवल लेकर आएगा।"
इस फिल्म में तेजा सज्जा, कन्नड़ सुपरस्टार उपेंद्र और शनाया कपूर (जो इस फिल्म से अपना साउथ इंडियन/तेलुगु डेब्यू कर रही हैं) जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में होंगे।
यह फिल्म 2021 की हिट फिल्म 'जॉम्बी रेड्डी' का सीक्वल है। इस बार जॉम्बी का आतंक हैदराबाद जैसे बड़े शहर में फैलने वाला है, जहां मुख्य किरदार तबाही के बीच संघर्ष करते नजर आएंगे।
पीपल मीडिया फैक्टरी के बैनर तले टी.जी. विश्व प्रसाद और कृति प्रसाद द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को 2027 में हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, मलयालम, नेपाली और जापानी सहित कुल सात भाषाओं में विश्व स्तर पर रिलीज किया जाएगा।
.png)