तेलुगु फिल्म हाय नन्ना में मृणाल ठाकुर के साथ फिर नजर आएंगे अंगद बेदी

मनोरंजन डेस्क, 27 जुलाई 2023- बॉलीवुड एक्टर अंगद बेदी हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म 'लस्ट स्टोरीज 2' में नजर आए थे। इस फिल्म के लिए अंगद को फैंस का खूब प्यार मिला है. इस फिल्म में अंगद की एक्टिंग को काफी सराहना मिली थी. अब 'लस्ट स्टोरीज 2' के बाद अंगद बेदी साउथ फिल्मों में डेब्यू करने जा रहे हैं। दरअसल, अभिनेता 'हाय नन्ना' जैसे मेगा प्रोजेक्ट के साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा में प्रवेश करने के लिए उत्साहित हैं। इस फिल्म के जरिए अंगद बेदी सुपरस्टार नानी के साथ काम करते नजर आएंगे। 'हाय नन्ना' में अंगद की 'लस्ट स्टोरीज़ 2' की सह-कलाकार मृणाल ठाकुर भी मुख्य भूमिका में होंगी। आपको बता दें कि यह सुपरस्टार नानी की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है।
'हाय नन्ना' से अपने साउथ डेब्यू के बारे में अंगद बेदी ने कहा, "इसके बारे में बहुत उत्साहित हूं। इतने सालों तक फिल्म इंडस्ट्री में रहने के बाद दोबारा डेब्यू करना अच्छा लग रहा है। यह सिनेमा के लिए एक अद्भुत समय है, खासकर जब हर जगह से प्यार और सराहना मिल रही है, चाहे फिल्म किसी भी भाषा में बनी हो। मैं इतनी दिल छू लेने वाली कहानी के साथ इतने बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर खुश हूं।"
यह फिल्म पिता-बेटी के रिश्ते पर आधारित होगी
आपको बता दें कि सुपरस्टार नानी, मृणाल ठाकुर और अंगद बेदी स्टारर 'हाय नन्ना' एक इमोशनल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन शौरयुव ने किया है। यह फिल्म पिता-बेटी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएगी। यह फिल्म इसी साल 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है। फिल्म का संगीत हेशम अब्दुल वहाब ने तैयार किया है, जो पहले 'द ग्रेट इंडियन किचन' और 'वायरस' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।
बता दें कि एक्टर अंगद बेदी ने अपने करियर की शुरुआत साल 2004 में फिल्म 'काया तरण' से की थी. 2002 के गुजरात दंगों पर आधारित इस फिल्म में अंगद की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था। इसके बाद उन्हें फालतू, रंगीला, उंगली, पिंक, डियर जिंदगी, टाइगर जिंदा है, सूरमा, द जोया फैक्टर और गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल जैसी फिल्मों में भी देखा गया।