Movie prime

सूर्या की नई फिल्म 'विश्‍वनाथ एंड सन्स': क्या लाएगी यह अभिनेता के करियर में नया मोड़?

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार सूर्या अपनी नई फिल्म 'विश्वनाथ एंड सन्स' को लेकर उत्साहित हैं। यह फिल्म रिश्तों, प्यार और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण पेश करती है। सूर्या ने फिल्म के ऑडियो लॉन्च में कहा कि यह उनके करियर में एक नई पहचान जोड़ने वाली है। फिल्म में तीन महिला किरदार हैं, जिन्हें खूबसूरती से लिखा गया है। यह फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होने वाली है। जानें और क्या खास है इस फिल्म में!
 

सूर्या की नई फिल्म का उत्साह


मुंबई, 3 अगस्त। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता सूर्या अपनी अदाकारी के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने अपने करियर में कई यादगार फिल्में दी हैं। अब, वह अपनी आगामी फिल्म 'विश्‍वनाथ एंड सन्स' को लेकर बेहद उत्साहित हैं।


यह फिल्म एक पारिवारिक मनोरंजन है, जिसमें रिश्तों, प्यार, भावनाओं और हास्य का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म के ऑडियो लॉन्च के दौरान, सूर्या ने इस प्रोजेक्ट के बारे में कई बातें साझा कीं और कहा कि यह फिल्म उनके करियर में एक नई पहचान जोड़ने वाली है।


कोयंबटूर में आयोजित ऑडियो लॉन्च में सूर्या ने बताया कि उन्होंने फिल्म पहले ही देख ली है और इसके निर्माण से वह बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और उनके किरदार को जिस तरह से प्रस्तुत किया गया है, वह विशेष है। सूर्या ने निर्देशक वेंकी अटलुरी की सोच और लेखन की सराहना की।


सूर्या ने वेंकी की तारीफ करते हुए कहा, ''वेंकी ने मेरे साथ काम करने का सपना देखा था, लेकिन मुझे लगता है कि यह सपना मैंने देखा था। उनकी फिल्म 'लकी भास्कर' मुझे बहुत पसंद आई थी। उनकी कहानी कहने की शैली मुझे आकर्षित करती है, इसलिए मैं उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक था।''


उन्होंने आगे कहा कि उनके करियर में कई निर्देशकों ने उन्हें अलग-अलग पहचान दी है। सूर्या ने कहा, ''अलग-अलग निर्देशकों ने मुझे नई पहचान दी है। 'विश्‍वनाथ एंड सन्स' मेरे लिए एक और नई पहचान लेकर आएगी, जो मुझे वेंकी अटलुरी ने दी है। यह किरदार मेरे लिए बहुत खास है।''


अभिनेता ने फिल्म की कहानी और किरदारों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वेंकी अटलुरी की लेखनी में रिश्तों को समझने और उन्हें खूबसूरती से प्रस्तुत करने की विशेषता है। सूर्या ने कहा, ''मैं उनकी लेखन शैली का प्रशंसक हूं। इस फिल्म में तीन महिला किरदार हैं, जिन्हें बहुत खूबसूरती से लिखा गया है। हर किरदार की अपनी अहमियत है और दर्शक उनसे जुड़ पाएंगे।''


फिल्म के बारे में बात करते हुए सूर्या ने कहा, '''विश्‍वनाथ एंड सन्स' एक ऐसी फिल्म है, जिसे देखने के बाद दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान बनी रहेगी। इसमें परिवार, रोमांस और कॉमेडी को बहुत अच्छे तरीके से जोड़ा गया है। सभी किरदारों को जिस तरह से पेश किया गया है, उसका प्रभाव पूरी कहानी में बना रहेगा।''


उन्होंने कहा, ''यह फिल्म रिश्तों की खूबसूरती को दर्शाएगी। जब दर्शक इसे देखेंगे, तो उनके चेहरे पर मुस्कान रहेगी। इसमें परिवार की भावनाएं, रोमांस और लगातार हास्य देखने को मिलेगा। यह एक पूरी तरह से मनोरंजक फिल्म है, जिसे प्रशंसकों और उनके परिवारों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।''


जानकारी के अनुसार, 'विश्‍वनाथ एंड सन्स' का निर्माण सूर्यदेवरा नागा वामसी और साई सौजन्या ने किया है। फिल्म में ममता बैजू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि राधिका सरथकुमार भी एक महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


OTT