भारतीय सिनेमा के पथप्रदर्शक: नितिन बोस की अनकही कहानी
नितिन बोस: भारतीय सिनेमा के अग्रदूत
नई दिल्ली, 25 अप्रैल। 26 अप्रैल 1897 को जन्मे नितिन बोस भारतीय सिनेमा के एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व रहे हैं, जिन्होंने निर्देशन, छायांकन और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से फिल्म उद्योग में नई दिशा दी।
उनका करियर कई दशकों तक फैला रहा, जिसमें उन्होंने हर चरण में कुछ नया जोड़ा। नितिन बोस ने भारतीय फिल्म में प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की थी। 1960 में आई उनकी फिल्म 'गंगा-जमुना' आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है।
बोस का जन्म बंगाली उद्यमी हेमेंद्र मोहन बोस और मृणालिनी बोस के घर हुआ। मृणालिनी, लेखक उपेंद्र किशोर रायचौधरी की बहन थीं, जो कवि सुकुमार राय के पिता और फिल्म निर्देशक सत्यजीत राय के दादा थे। नितिन की चचेरी बहन प्रसिद्ध बाल लेखिका लीला मजूमदार थीं। बचपन से ही नितिन को फोटोग्राफी में गहरी रुचि थी, जिसे उनके पिता ने प्रोत्साहित किया।
नितिन बोस ने 1926 में एक सिनेमैटोग्राफर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की, जब भारतीय सिनेमा मूक फिल्मों से टॉकी फिल्मों की ओर बढ़ रहा था। उन्होंने कैमरे के उपयोग, लाइटिंग और फ्रेमिंग में नए प्रयोग किए, जिससे फिल्मों की गुणवत्ता में सुधार हुआ। न्यू थिएटर्स बैनर के तहत उनकी पहली फिल्म 'देवदास' (1928) थी।
बोस ने निर्देशक देबाकी बोस के साथ मिलकर काम किया, लेकिन बाद में देबाकी ने मदन थिएटर्स में काम करना शुरू किया। इसी दौरान, न्यू थिएटर्स के निर्माता बी.एन. सरकार ने नितिन से फिल्म निर्देशन में हाथ आजमाने का अनुरोध किया। उन्होंने देबाकी बोस की फिल्म 'चंदीदास' का बंगाली रीमेक बनाकर हिंदी में 'चंदीदास' (1934) का निर्माण किया।
बोस की 1935 की फिल्म 'भाग्य चक्र' पहली भारतीय फिल्म थी, जिसमें प्लेबैक सिंगिंग का उपयोग किया गया। इसे हिंदी में 'धूप छांव' शीर्षक से रीमेक किया गया, जो इस तकनीक का उपयोग करने वाली पहली हिंदी फिल्म बनी। इससे पहले, कलाकारों को शूटिंग के दौरान गाना पड़ता था, लेकिन इस नवाचार ने गाने को पहले रिकॉर्ड करने की अनुमति दी।
काशीनाथ (1943) के निर्माण के दौरान बोस का बी.एन. सरकार के साथ मतभेद हो गया। फिल्म पूरी होने के बाद, उन्होंने न्यू थिएटर्स में वापस नहीं जाने का निर्णय लिया और बॉम्बे चले गए। वहां, बॉम्बे टॉकीज़ बैनर के तहत उन्होंने 'नौकाडुबी' (1947) का निर्देशन किया, जो टैगोर के उपन्यास पर आधारित थी। इस फिल्म का हिंदी संस्करण 'मिलन' था, जिसमें दिलीप कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई।
उनकी अगली फिल्म 'दृष्टिदान' (1948) से उत्तम कुमार ने सिनेमा में कदम रखा, जो बाद में बंगाली सिनेमा के सुपरस्टार बने। 1960 के दशक में, बोस ने फिल्मिस्तान के बैनर तले कई सफल फिल्मों का निर्देशन किया। 'गंगा जमुना' (1961) को आज भी भारतीय सिनेमा की सर्वकालिक ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक माना जाता है।
नितिन बोस ने अपने करियर में कई उल्लेखनीय फिल्मों का निर्देशन और छायांकन किया। उनकी फिल्मों में तकनीकी उत्कृष्टता और भावनात्मक गहराई का संतुलन देखने को मिलता है। उन्हें 1977 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। बोस का निधन 14 अप्रैल 1986 को कोलकाता में हुआ।
.png)