Movie prime

क्या है स्टेबिन बेन का नया गाना 'सादगी'? जानें इस कव्वाली के पीछे की कहानी!

स्टेबिन बेन ने वर्ल्ड म्यूजिक डे पर अपने नए गाने 'सादगी' के साथ कव्वाली की दुनिया में कदम रखा है। इस गाने में प्यार, इंतजार और समर्पण जैसी भावनाओं को खूबसूरती से पिरोया गया है। स्टेबिन ने इस अनुभव को नया और संतोषजनक बताया है। जानें इस गाने की विशेषताएं और इसके पीछे की कहानी।
 
क्या है स्टेबिन बेन का नया गाना 'सादगी'? जानें इस कव्वाली के पीछे की कहानी!

स्टेबिन बेन का नया गाना 'सादगी'


मुंबई, 21 जून। वर्ल्ड म्यूजिक डे के अवसर पर, गायक स्टेबिन बेन ने अपने प्रशंसकों के लिए एक विशेष उपहार पेश किया है। उन्होंने अपने नए गाने 'सादगी' के माध्यम से कव्वाली की दुनिया में कदम रखा है। स्टेबिन ने साझा किया कि यह अनुभव उनके लिए न केवल नया था, बल्कि बेहद संतोषजनक भी रहा।


स्टेबिन बेन ने कहा, "जब मैंने पहली बार 'सादगी' सुना, तो मुझे तुरंत इस गाने से गहरा जुड़ाव महसूस हुआ। इसकी कविता और धुन में एक अनोखी सच्चाई है, जो सीधे दिल को छूती है। एक कलाकार के रूप में, ऐसे गाने बहुत कम मिलते हैं, जिनमें भावनाओं को इतनी ईमानदारी और गहराई से प्रस्तुत करने का मौका मिलता है। यही कारण है कि मैंने इसे अपने दिल के करीब पाया।"


उन्होंने आगे कहा, "'सादगी' एक भावनात्मक यात्रा है। इस गाने में प्यार, इंतजार, समर्पण और सादगी जैसी भावनाओं को खूबसूरती से पिरोया गया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पारंपरिक कव्वाली की आत्मा को बनाए रखते हुए आधुनिक संगीत के साथ जुड़ता है। इससे पुराने संगीत प्रेमियों को अपनापन महसूस होगा और नई पीढ़ी भी इससे आसानी से जुड़ सकेगी।"


स्टेबिन ने कहा, "कव्वाली शैली में काम करना मेरे लिए एक नया अनुभव था। इस तरह के संगीत की अपनी एक अलग मांग और गहराई होती है। इस शैली को समझना और उसकी भावनाओं को सही तरीके से प्रस्तुत करना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था। हालांकि, मैंने पूरी ईमानदारी से इस गाने को गाया और कोशिश की कि इसकी आत्मा श्रोताओं तक उसी रूप में पहुंचे, जिस रूप में इसे तैयार किया गया है।"


स्टेबिन न केवल गाने में आवाज दे रहे हैं, बल्कि इसके म्यूजिक वीडियो में भी दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो का निर्देशन अर्जुन मुखर्जी ने किया है, जबकि संगीत रईस और जैन-सैम की जोड़ी ने तैयार किया है। गीत के बोल विक्की नगर ने लिखे हैं, और मशहूर शायर सबा अकबराबादी की कालजयी शायरी भी इस गीत में शामिल की गई है।


स्टेबिन ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि लोग इस गीत की सच्चाई और भावनाओं को महसूस करेंगे। संगीत तभी सफल होता है जब वह लोगों के दिलों तक पहुंचे और उनकी भावनाओं का हिस्सा बन जाए। मैं चाहता हूं कि 'सादगी' केवल एक गीत न रह जाए, बल्कि लोगों की जिंदगी के खूबसूरत पलों का हिस्सा बने।"


OTT