दीपावली पर सुनें ये खास गाने, जो बनाएंगे आपके त्योहार को और भी खास!
दीपावली का जादू: संगीत की महफिल सजाएं
मुंबई, 5 नवंबर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है, और घरों में सफाई और सजावट का काम शुरू हो जाता है। इस समय लक्ष्मी पूजन की तैयारियों के साथ-साथ म्यूजिक की दुनिया भी दीपावली के रंग में रंगी हुई है। हर साल की तरह, इस बार भी पुराने क्लासिक गानों से लेकर नए बॉलीवुड हिट्स तक, लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हो गए हैं।
यदि आप इस दीपावली अपने परिवार और दोस्तों के साथ म्यूजिक की महफिल सजाना चाहते हैं, तो ये गाने आपके त्योहार को और भी यादगार बना देंगे।
'आई है दिवाली' – फिल्म 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' का यह गाना आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। उदित नारायण, अलका याग्निक, कुमार सानु, शान, केतकी दवे और स्नेहा पंत की आवाज में गाया गया यह गीत हिमेश रेशमिया द्वारा संगीतबद्ध किया गया था। इसके बोल सुधाकर शर्मा ने लिखे थे। हर साल दिवाली पर यह गाना हर घर, मोहल्ले और पंडालों में बजाया जाता है।
'मेरे तुम्हारे सबके लिए हैप्पी दिवाली' – फिल्म 'होम डिलीवरी' का यह गाना वैशाली, सूरज और सुनिधि चौहान ने गाया है। बच्चों पर फिल्माया गया यह गाना अपनी सादगी और ऊर्जा के कारण सभी उम्र के लोगों के बीच लोकप्रिय है। आजकल यह गाना सोशल मीडिया रील्स, व्हाट्सएप स्टेटस और फैमिली सेलिब्रेशन में अनिवार्य रूप से शामिल होता है।
'जलते दिए' – प्रेम रतन धन पायो का यह मधुर गाना लड़कियों द्वारा दीपावली के एथनिक लुक और सजने-संवरने वाले वीडियो में खूब इस्तेमाल किया जाता है। इस गाने को अन्वेषा, विनीत सिंह, हर्षदीप कौर और शबाब सबरी ने मिलकर गाया है।
'राम अयोध्या आए हैं' – कैलाश खेर द्वारा गाया गया यह प्रसिद्ध गाना 24 अक्टूबर 2022 को रिलीज हुआ था। इस गाने को जनवरी 2024 में अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर बहुत लोकप्रियता मिली।
'आई दिवाली आई कैसे उजाले लाई' – यह गाना हिंदी सिनेमा के सबसे पुराने और सदाबहार दिवाली गीतों में से एक है। 1958 में आई फिल्म 'खजांची' का यह गीत आज भी त्योहार के मौसम में लोगों के दिलों में एक खास स्थान रखता है।
.png)