Movie prime

क्या आप जानते हैं योग दिवस 2026 की थीम? जानें जैकी श्रॉफ और सोनू निगम का संदेश!

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए जागरूकता अभियान तेज हो गया है। आयुष मंत्रालय ने जैकी श्रॉफ और सोनू निगम के वीडियो साझा किए हैं, जिसमें दोनों ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने की अपील की है। जानें इस वर्ष की थीम 'स्वस्थ उम्र के लिए योग' और योग के लाभों के बारे में।
 
क्या आप जानते हैं योग दिवस 2026 की थीम? जानें जैकी श्रॉफ और सोनू निगम का संदेश!

योग दिवस 2026 के लिए जागरूकता अभियान


नई दिल्ली, 17 जून। 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026' के अवसर पर देशभर में जागरूकता बढ़ाने का अभियान जोर पकड़ रहा है। इस पहल के तहत, आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बॉलीवुड के दो मशहूर चेहरों, अभिनेता जैकी श्रॉफ और गायक सोनू निगम के वीडियो साझा किए हैं। इन वीडियो के माध्यम से दोनों ने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है।


पहले वीडियो में, जैकी श्रॉफ अपने अनोखे अंदाज में स्वास्थ्य के महत्व को उजागर करते हैं। वह मीडिया से बातचीत में कहते हैं, "योग दिवस नजदीक है। स्वास्थ्य है तो सब कुछ है, अन्यथा कोई पूछेगा भी नहीं। अपनी सांस पर ध्यान दें और पेड़ लगाएं। बस इतना ही।"


इस वीडियो को साझा करते हुए आयुष मंत्रालय ने लिखा, "स्वास्थ्य है तो सब कुछ है। जैकी श्रॉफ का यह स्पष्ट और सच्चा संदेश हमें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करता है। उनका मंत्र सीधा और प्रभावशाली है। अपनी सांसों पर ध्यान दें, पेड़ लगाएं और पूरे देश को स्वस्थ बनाएं। जब हम स्वस्थ होते हैं, तब हम सभी कार्य कर सकते हैं। आइए, एक मजबूत और ऊर्जावान भविष्य के लिए खुद को प्रकृति और योग से जोड़ें।"


आयुष मंत्रालय ने एक और पोस्ट में सोनू निगम का वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह योग के साथ अपनी व्यक्तिगत यात्रा को साझा करते हैं।


सोनू निगम ने कहा, "मैंने 2004 में योग सीखना शुरू किया। तब मैंने समझा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह आत्मा को भी जागृत करता है। मेरा आपसे अनुरोध है कि आप योग को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं। हर दिन योग करें।"


सोनू निगम के वीडियो के साथ आयुष मंत्रालय ने लिखा, "योग केवल शरीर को फिट रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जो आपकी आत्मा को जागृत करती है। सोनू निगम की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि योग कैसे धीरे-धीरे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन सकता है।" पोस्ट में लोगों से आग्रह किया गया है कि वे योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें और इसे सालभर अपनाएं।


इस वर्ष, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम 'स्वस्थ उम्र के लिए योग' रखी गई है। इसका उद्देश्य यह बताना है कि योग केवल फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ, सक्रिय और मानसिक रूप से मजबूत रहने का एक प्रभावी साधन है।


विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, शरीर की लचीलापन बढ़ती है, और मानसिक संतुलन में सुधार होता है।


OTT