Movie prime

रोहित रॉय का नया अवतार: 'चुंबक' में रॉकस्टार की भूमिका में नजर आएंगे!

रोहित रॉय ने नेटफ्लिक्स की नई वेब सीरीज 'चुंबक' में 'रोनित रॉय चौधरी' के किरदार में नजर आने की घोषणा की है। इस मल्टी-जेनरेशनल कॉमेडी ड्रामा में नीना गुप्ता भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। कहानी मुंबई के एक पुराने पड़ोस की है, जहां पड़ोसी एक-दूसरे के मामलों में दखल देते हैं, लेकिन मुश्किल समय में एकजुट होते हैं। जानें इस दिलचस्प कहानी के बारे में और रोहित के किरदार की खासियत।
 

रोहित रॉय का नया किरदार 'चुंबक' में

मुंबई, 28 सितंबर। निर्देशक आतिश कपाड़िया की नई मल्टी-जेनरेशनल कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज 'चुंबक' में अभिनेता रोहित रॉय 'रोनित रॉय चौधरी' के रूप में दिखाई देंगे। अभिनेता ने हाल ही में अपने किरदार के बारे में जानकारी साझा की।


सोशल मीडिया पर रोहित ने सीरीज के कुछ दृश्य साझा किए, जिसमें वह एक रॉकस्टार और नीना गुप्ता के प्रेमी के रूप में नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, "आपने अभी तक रोनित रॉय चौधरी (रोहित रॉय का किरदार) की केवल झलक देखी है! असली मजा तो अभी बाकी है! चुंबक के नए एपिसोड में एक अनोखा रॉकस्टार आने वाला है। यदि आपने पहले 8 एपिसोड नहीं देखे हैं, तो उन्हें जरूर देखें, ताकि आप आगे के एपिसोड का आनंद ले सकें। यह कमाल के आतिश कपाड़िया के लिए है, जिन्होंने इस पागलपन भरी कहानी को लिखा और निर्देशित किया है।"


इस सीरीज में रोहित रॉय का किरदार 'रोनित रॉय चौधरी' एक दिलचस्प भूमिका में है, जिसका संबंध अभिनेत्री नीना गुप्ता के किरदार (रजनी मर्चेंट) से जुड़ा हुआ है, जो कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाएगा।


नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही 'चुंबक' एक कॉमेडी-ड्रामा है, जो मुंबई के एक पुराने और मिलनसार पड़ोस की कहानी को दर्शाती है। यह दिखाती है कि कैसे पड़ोसी एक-दूसरे के मामलों में दखल देते हैं, लेकिन मुश्किल समय में परिवार की तरह एकजुट भी होते हैं। मुख्य कहानी रजनी (नीना गुप्ता) और उनके पति कुकू के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक अजीब स्थिति में तलाक लेने का निर्णय लेते हैं। इसके अलावा, कॉलोनी के अन्य परिवारों के ड्रामे और रोजमर्रा की समस्याएं इस कहानी को और भी दिलचस्प बनाती हैं।


आतिश कपाड़िया द्वारा निर्देशित इस सीरीज में देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, मानसी पारेख, संदीपा धर, सुमीत राघवन, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज ईरानी और अतुल कुमार जैसे कई कलाकार शामिल हैं। यह शो 10 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है।


'चुंबक' में कुल 16 एपिसोड हैं, जिन्हें दो भागों में रिलीज किया जा रहा है। पहले भाग में 8 एपिसोड हैं, जो 10 सितंबर से उपलब्ध हैं, जबकि दूसरे भाग का प्रीमियर 1 अक्टूबर को होगा।


OTT