Movie prime

दुपहिया सीजन 2 का ट्रेलर हुआ रिलीज, धड़कपुर की नई कहानियों का इंतजार!

प्राइम वीडियो ने अपनी नई ओरिजिनल सीरीज 'दुपहिया' के दूसरे सीजन का ट्रेलर जारी किया है, जिसमें धड़कपुर के निवासियों की नई चुनौतियों और हास्य से भरे घटनाक्रमों की झलक देखने को मिलती है। यह सीरीज 01 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। जानें इस बार क्या नया देखने को मिलेगा और कौन-कौन से कलाकार लौट रहे हैं।
 

दुपहिया सीजन 2 का ट्रेलर जारी



मुंबई, 22 सितंबर (वेब वार्ता)। प्राइम वीडियो ने अपनी नई ओरिजिनल सीरीज 'दुपहिया' के दूसरे सीजन का ट्रेलर लॉन्च कर दिया है। इस ट्रेलर में धड़कपुर के निवासियों की जिंदगी में आने वाली नई चुनौतियों, उलझनों और हास्य से भरे घटनाक्रमों की झलक देखने को मिलती है। नया सीजन वहीं से शुरू होगा जहां पहले सीजन की कहानी खत्म हुई थी। यह सीरीज 01 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।


इस सीरीज का निर्देशन सोनम नायर ने किया है, और इसे बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के तहत सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने प्रोड्यूस किया है। अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने इसकी कहानी और पटकथा लिखी है। दूसरे सीजन में गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे। इस बार दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी कलाकारों की टीम में शामिल हुए हैं।



ट्रेलर दर्शकों को फिर से धड़कपुर की ओर ले जाता है, जिसे पहले भारत का एकमात्र अपराध-मुक्त गांव माना जाता था। इस बार, बनवारी की बंजर भूमि पर मोबाइल टावर लगने के बाद गांव में अफवाहों और अंधविश्वास का दौर शुरू हो जाता है। वहीं, रोशिनी अमावस के साथ अपनी एसएससी परीक्षा की तैयारी में जुटी है। इन घटनाओं के बीच गांव के लोगों को लगातार नई चुनौतियों और मजेदार परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।


निर्देशक सोनम नायर ने कहा कि 'दुपहिया' उनके लिए बहुत खास है और पहले सीजन से मिले दर्शकों के प्यार ने उन्हें दूसरे सीजन के लिए प्रेरित किया है। गजराज राव ने भी कहा कि नए सीजन में पहले से ज्यादा हंगामा, नए मोड़ और सरप्राइज देखने को मिलेंगे, जबकि धड़कपुर के किरदारों का अपनापन और हास्य बना रहेगा। 'दुपहिया' सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर से प्राइम वीडियो पर होगा।


OTT