Movie prime

क्या है 'स्नो ब्राइड' की कहानी? भूमिका गुरुंग के साथ रहस्य और रोमांच का सफर!

भूमिका गुरुंग की नई वेब सीरीज 'स्नो ब्राइड' में दर्शकों को एक रहस्यमय और रोमांचक सफर पर ले जाया जाएगा। यह कहानी हिमालय के एक गांव की है, जहां अंधविश्वास और डर का सामना करते हुए भूमिका का किरदार पूर्वा सच्चाई की खोज में निकलता है। इस सस्पेंस क्राइम ड्रामा में शिवम भार्गव और मानुल चुडासमा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। क्या पूर्वा इस खौफनाक रहस्य को सुलझा पाएगी? जानने के लिए पढ़ें पूरा लेख!
 

भूमिका गुरुंग का नया वेब सीरीज 'स्नो ब्राइड'




मुंबई, 23 अक्टूबर। टीवी धारावाहिक 'निमकी मुखिया' और 'निमकी विधायक' में अपनी अदाकारी से पहचान बनाने वाली भूमिका गुरुंग अब 'स्नो ब्राइड' नामक वेब सीरीज में एक रहस्यमय और रोमांचक भूमिका में नजर आएंगी। यह सीरीज हिमालय के एक दूरदराज गांव की कहानी को दर्शाती है, जहां डर, अंधविश्वास और एक खौफनाक रहस्य लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुके हैं।


इस सीरीज में भूमिका, पूर्वा नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं, जो गांव के लोगों की मान्यताओं पर सवाल उठाते हुए सच्चाई की खोज में निकलती हैं।


भूमिका ने बताया कि इस सीरीज की विशेषता यह है कि दर्शक भी उनके साथ रहस्य की परतों को समझेंगे और गांव के बारे में अपनी धारणाओं पर पुनर्विचार करेंगे। यह सस्पेंस क्राइम ड्रामा छह एपिसोड में बंटा है, जिसमें भूमिका के साथ शिवम भार्गव, मानुल चुडासमा और इंद्रजीत मोदी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।


कहानी एक ऐसे गांव पर आधारित है, जहां यति से जुड़ी कई पीढ़ियों की कहानियां प्रचलित हैं। गांव की युवा महिलाओं के अचानक गायब होने की घटनाओं को यति से जोड़ा जाता है, और गायब महिलाओं को 'यति की दुल्हनें' कहा जाता है। गांव के लोग इन घटनाओं को डर और आस्था के चलते स्वीकार करते हैं। लेकिन जब पूर्वा इन कहानियों पर सवाल उठाना शुरू करती है, तो उसे ऐसे रहस्यों का सामना करना पड़ता है, जो हर नए सवाल के साथ और भी डरावने होते जाते हैं।


भूमिका ने अपने किरदार के बारे में कहा, ''पूर्वा की सबसे खास बात यह है कि वह किसी बात को सिर्फ इसलिए सच नहीं मानती क्योंकि सभी लोग उस पर विश्वास करते हैं। वह जानना चाहती है कि वास्तव में क्या हो रहा है, भले ही इसके लिए उसे अपने आसपास के लोगों से अलग होना पड़े।''


उन्होंने आगे कहा, ''पूर्वा के दृढ़ संकल्प के साथ उसके मन में मौजूद डर और अनिश्चितता को पर्दे पर लाना मेरे लिए बहुत दिलचस्प था। मुझे 'स्नो ब्राइड' की सबसे अच्छी बात यह लगती है कि दर्शक भी पूर्वा के साथ रहस्य को सुलझाते हुए देखेंगे। मैं चाहती हूं कि दर्शक उसके सफर को देखें और गांव के बारे में जो कुछ वे जानते हैं, उस पर सवाल उठाएं।''


एक्टर शिवम भार्गव ने सीरीज की कहानी और इसके माहौल को दिलचस्प बताया। उन्होंने कहा, '''स्नो ब्राइड' का कॉन्सेप्ट बहुत आकर्षक है। इसकी लोकेशन और यति से जुड़ी कहानी, जिसे हममें से कई लोगों ने बचपन से सुना है, असलियत सामने आने से पहले ही एक अजीब-सा डर पैदा कर देती है। यह कहानी दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि लोग किन बातों पर विश्वास करते हैं और किन चीजों को नजरअंदाज करते हैं।''


उन्होंने आगे कहा, ''ऐसे क्राइम ड्रामा का हिस्सा बनना एक दिलचस्प अनुभव रहा है, जिसमें धीरे-धीरे रहस्य की परतें खुलती हैं। मैं दर्शकों के सीरीज देखने और यह जानने का इंतजार कर रहा हूं कि आखिर यह रहस्य किस तरह सामने आता है।''


एक्ट्रेस मानुल चुडासमा ने कहा, '''स्नो ब्राइड' को खास बनाने वाली बात यह है कि इसका रहस्य सिर्फ यति की कहानी तक सीमित नहीं है। गांव के लोगों ने जिस सच्चाई को स्वीकार कर लिया है, उसके पीछे एक और गहरी और डरावनी हकीकत छिपी है। यही बात कहानी को बेचैन करने वाला एहसास देती है। इस सीरीज में मुझे ऐसी दुनिया का हिस्सा बनने का मौका मिला, जहां चीजें जैसी दिखाई देती हैं, जरूरी नहीं कि असल में भी वैसी ही हों। मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि कहानी के राज खुलने के साथ दर्शक इसके किरदारों को किस नजरिए से देखते हैं।''


OTT