क्या है सोनाक्षी सिन्हा की नई फिल्म 'सिस्टम' में वकील के किरदार की कहानी?
सोनाक्षी सिन्हा की नई फिल्म 'सिस्टम' का प्रमोशन
मुंबई, 27 मई। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की हालिया ओटीटी फिल्म 'सिस्टम' को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान, उन्होंने अपने अभिनय और किरदार के बारे में कई रोचक बातें साझा कीं। सोनाक्षी ने कहा कि एक अभिनेता का काम बाहर से देखने में सरल लगता है, लेकिन वास्तव में यह काफी चुनौतीपूर्ण होता है।सोनाक्षी ने कहा, ''जब कोई अभिनेता एक नए किरदार में प्रवेश करता है, तो वह उस किरदार की पूरी दुनिया में कदम रखता है। हर फिल्म और हर भूमिका एक नई जिंदगी की तरह होती है, जिसमें नए नियम, रिश्ते और परिस्थितियां होती हैं। मुझे अभिनय हमेशा रोमांचक लगता है, क्योंकि हर बार कुछ नया सीखने और अनुभव करने का मौका मिलता है।''
उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी पेशे को बाहर से समझना कठिन होता है। जैसे वकील या डॉक्टर की दुनिया को समझना आसान नहीं है, वैसे ही फिल्म इंडस्ट्री के अंदर की वास्तविकता केवल वही लोग समझ सकते हैं जो इस प्रक्रिया का हिस्सा रहे हैं। लोग अक्सर सोचते हैं कि फिल्में केवल ग्लैमर और कैमरे तक सीमित होती हैं, लेकिन वास्तव में एक फिल्म के पीछे कई लोग, मेहनत और तैयारी होती है, जो मिलकर एक कहानी को जीवंत बनाते हैं।
फिल्म 'सिस्टम' में सोनाक्षी ने नेहा राजवंश नाम की वकील का किरदार निभाया है। उसके पिता रवि राजवंश उसे खुद को साबित करने की चुनौती देते हैं, जिसमें 10 केस जीतने की शर्त होती है। इस चुनौती को पूरा करने के लिए वह हाई-प्रोफाइल केस लड़ती हैं और इस दौरान उनकी मुलाकात अभिनेत्री ज्योतिका के किरदार सारिका रावत से होती है, जो एक स्टेनोग्राफर हैं।
फिल्म 'सिस्टम' का निर्माण पम्मी बावेजा, हरमन बावेजा और स्मिता बालिगा ने मिलकर किया है। इसकी कहानी अश्विनी अय्यर तिवारी ने हरमन बावेजा, अरुण सुकुमार और तस्नीम लोखंडवाला के साथ मिलकर लिखी है।
'सिस्टम' 22 मई से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
.png)