Movie prime

क्या है प्राजक्ता कोली की नई वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' का राज?

प्राजक्ता कोली की नई वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' 7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। इस सीरीज में वह मिहिर आहूजा के साथ नजर आएंगी, जो कारगिल युद्ध पर आधारित है। मिहिर ने प्राजक्ता के साथ काम करने का अनुभव साझा किया है, जिसमें उन्होंने उनके साथ काम करने की तारीफ की है। जानें इस सीरीज की कहानी और कलाकारों के बारे में।
 

प्राजक्ता कोली की नई वेब सीरीज का आगाज़


मुंबई, 27 जुलाई। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बना चुकी प्राजक्ता कोली अब अपनी नई वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' के लिए चर्चा का विषय बनी हुई हैं। यह सीरीज 1999 के कारगिल युद्ध पर आधारित है, जिसमें वह पहली बार अभिनेता मिहिर आहूजा के साथ नजर आएंगी। दर्शकों में इस नई जोड़ी को लेकर उत्सुकता पहले से ही बढ़ चुकी है। हाल ही में, मिहिर ने प्राजक्ता के साथ काम करने का अनुभव साझा किया।


मिहिर ने कहा, ''प्राजक्ता के साथ काम करना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा। वह हर सीन में ईमानदारी और सहजता लाती हैं, जिससे हमारे किरदारों के बीच का रिश्ता पर्दे पर स्वाभाविक रूप से उभर कर आता है। यह हमारा पहला प्रोजेक्ट है, और इस नई ऊर्जा का असर स्क्रीन पर साफ दिखाई देगा।''


उन्होंने आगे कहा, ''यह कहानी युद्ध, साहस और बलिदान पर आधारित है, लेकिन इसमें किरदारों के भावनात्मक रिश्ते भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इन भावनाओं से भी जुड़ेंगे, जैसे हम शूटिंग के दौरान जुड़े थे।''


मिहिर ने अपने किरदार के बारे में बताया, "एक युवा एयरफोर्स पायलट का किरदार निभाना मेरे लिए गर्व की बात है। इस किरदार को निभाते समय मैंने महसूस किया कि भारतीय वायुसेना के जवान किस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा करते हैं। इस भूमिका के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी हुई है, और मैंने इसे पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश की है।"


उन्होंने कहा, ''इस प्रोजेक्ट ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। शूटिंग के दौरान मैंने एयरफोर्स के अनुशासन, समर्पण और मेहनत को करीब से देखा। यह अनुभव मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा। 'ऑपरेशन सफेद सागर' मेरे दिल के बेहद करीब है।''


यह सीरीज भारतीय वायु सेना के उस ऐतिहासिक मिशन पर आधारित है, जिसे कारगिल युद्ध के दौरान अंजाम दिया गया था। यह मिशन लगभग 47 दिनों तक चला और इसे भारतीय सैन्य इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में से एक माना जाता है। शो में युद्ध के दौरान की कठिनाइयों, सैनिकों के हौसले और देशभक्ति की भावना को बड़े पैमाने पर दर्शाया जाएगा।


इस सीरीज में मिहिर आहूजा के अलावा सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन और तारुक रैना जैसे कलाकार शामिल हैं। इसे अभिजीत सिंह परमार, महबूब पीएस बराड़ और कुशाल श्रीवास्तव ने मिलकर तैयार किया है, जबकि इसका निर्देशन ओनी सेन ने किया है।


'ऑपरेशन सफेद सागर' का वर्ल्ड प्रीमियर 7 अगस्त को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर होगा।


OTT