Movie prime

क्या है ज्योतिका की नई फिल्म 'सिस्टम' में चार अभिनेत्रियों के साथ एक ही हीरो का रहस्य?

अभिनेत्री ज्योतिका अपनी नई फिल्म 'सिस्टम' के प्रमोशन के दौरान फिल्मों के ट्रेंड पर अपनी राय साझा करती हैं। उन्होंने एक ही हीरो के साथ चार अभिनेत्रियों को दिखाने की आवश्यकता पर सवाल उठाया। ज्योतिका ने अपने किरदार के लिए की गई तैयारियों के बारे में भी बताया। जानें इस फिल्म में उनके और सोनाक्षी सिन्हा के किरदारों के बारे में और कब रिलीज होगी यह फिल्म!
 
क्या है ज्योतिका की नई फिल्म 'सिस्टम' में चार अभिनेत्रियों के साथ एक ही हीरो का रहस्य?

ज्योतिका की नई फिल्म 'सिस्टम' पर चर्चा


मुंबई, 20 मई। अभिनेत्री ज्योतिका अपनी आगामी स्ट्रीमिंग फिल्म 'सिस्टम' को लेकर काफी चर्चा में हैं। प्रमोशन के दौरान ज्योतिका ने मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्मों के वर्तमान ट्रेंड पर अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि एक ही हीरो के साथ चार अभिनेत्रियों को दिखाना कभी-कभी जरूरत से ज्यादा हो जाता है, और इस पर फिल्मों को एक सीमा तय करनी चाहिए।


ज्योतिका ने कहा, ''मुझे ऐसी फिल्में अजीब लगती हैं, जहां एक अभिनेता के साथ चार अभिनेत्रियों को दिखाया जाता है। ऐसे में दर्शक सोचने लगते हैं कि इसकी आवश्यकता क्या है। हर चीज की एक सीमा होती है, और फिल्मों में भी यह जरूरी है। अगर कहानियों में संतुलन बना रहे और किरदारों को सही तरीके से पेश किया जाए, तो सिनेमा समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।''


इस बातचीत में ज्योतिका ने अपनी फिल्म 'सिस्टम' में निभाए गए किरदार के बारे में भी कई दिलचस्प बातें साझा कीं। फिल्म में वह एक स्टेनोग्राफर का रोल निभा रही हैं।


उन्होंने बताया, ''पर्दे पर जो चीजें दिखाई जाती हैं, असल शूटिंग के दौरान कई बार वैसी नहीं होतीं। फिल्म के कई सीन्स में लैपटॉप का स्क्रीन कैमरे में नहीं दिख रहा था। ऐसे में मेरा ध्यान टाइपिंग पर नहीं, बल्कि एक्टिंग को सही तरीके से पेश करने पर था।''


ज्योतिका ने आगे कहा, ''आजकल लगभग हर कोई मोबाइल और कंप्यूटर का उपयोग करता है, इसलिए मुझे टाइपिंग सीखने में ज्यादा कठिनाई नहीं हुई। हालांकि, किरदार को असली दिखाने के लिए मैंने कुछ छोटी-छोटी तैयारियां कीं। मुझे यह ध्यान रखना पड़ा कि टाइपिंग की स्पीड कैसी हो, आंखों की मूवमेंट कैसी दिखे और चेहरे के भाव भी सही बने रहें, क्योंकि एक ही समय में मुझे अलग-अलग दिशाओं में देखना होता था और साथ में इमोशन्स भी दिखाने होते थे।''


अभिनेत्री ने कहा, ''मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज किरदार की भावनाएं थीं। तकनीकी चीजों से ज्यादा जरूरी यह होता है कि कलाकार अपने किरदार को दिल से महसूस करे। तभी दर्शक उससे जुड़ पाते हैं।''


फिल्म 'सिस्टम' का निर्माण पम्मी बावेजा, हरमन बावेजा और स्मिता बालिगा ने किया है। इस फिल्म में ज्योतिका और सोनाक्षी सिन्हा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।


यह फिल्म 22 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रही है।


OTT