क्या है 'अनदेखी: द फाइनल बैटल' की कहानी? जानें ट्रेलर में छिपे राज़!
सोनी लिव पर आ रही है नई वेब सीरीज
मुंबई, 17 अप्रैल। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर क्राइम और थ्रिलर की कहानियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में, चर्चित वेब सीरीज 'अनदेखी: द फाइनल बैटल' जल्द ही सोनी लिव पर प्रसारित होने वाली है। शुक्रवार को इसका ट्रेलर जारी किया गया, जिसने दर्शकों में उत्सुकता का संचार कर दिया है। इस बार कहानी में कई नए मोड़ और किरदार जोड़े गए हैं, जो इसे एक नई दिशा में ले जाते हैं।
ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमय माहौल से होती है, जिसमें हर किरदार अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों के लिए संघर्ष करता नजर आता है। पापा जी का किरदार निभा रहे हर्ष छाया एक बार फिर सत्ता पाने की कोशिश में हैं, और उनका अंदाज पहले से कहीं अधिक खतरनाक है। वह किसी भी कीमत पर अपनी खोई हुई ताकत वापस पाना चाहते हैं।
वहीं, रिंकू अटवाल का किरदार, जिसे सूर्या शर्मा ने निभाया है, पूरी तरह से टूट चुका है और अपने दर्द और नुकसान के कारण बदले की आग में जल रहा है। ट्रेलर में उनके चेहरे पर गुस्सा और बेचैनी साफ झलकती है।
इस बार ट्रेलर में एक नए किरदार की एंट्री भी दिखाई गई है, जिसे अभिनेता गौतम रोडे निभाएंगे। हालांकि, उनके किरदार की झलक कम ही दिखाई गई है, लेकिन वह रहस्यमय और प्रभावशाली प्रतीत होते हैं।
ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य भी शामिल हैं, जो हिंसा, साजिश और रिश्तों के टूटने की कहानी बयां करते हैं।
गौतम रोडे ने इस सीरीज से जुड़ने की खुशी व्यक्त करते हुए कहा, ''मैं इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूं। मैंने पहले से इस शो को देखा है और इसकी कहानी कहने का तरीका मुझे बहुत पसंद है। मेरा किरदार इस सीजन में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाएगा और दर्शकों को कई चौंकाने वाले पल देखने को मिलेंगे। इस शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी गहराई और हर किरदार की मजबूत कहानी है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।''
सूर्या शर्मा ने भी अपने किरदार के बारे में बताया। उन्होंने कहा, ''इस सीजन में मेरा किरदार पहले से काफी अलग है। रिंकू अब पहले जैसा नहीं रहा, वह अंदर से टूट चुका है और अपने सवालों के जवाब खोज रहा है। वह एक घायल शेर की तरह है, जो हर हाल में अपनी लड़ाई लड़ने को तैयार है। इस बार कहानी और भी ज्यादा जोरदार होने वाली है।''
इस सीरीज में दिब्येंदु भट्टाचार्य और अंकुर राठी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
.png)