ओटीटी पर धमाल मचाने आ रही हैं ये नई फिल्में और वेब सीरीज, जानें रिलीज डेट!
आगामी ओटीटी रिलीज़ की जानकारी
मुंबई, 21 फरवरी। हर हफ्ते ओटीटी प्लेटफार्मों पर नई फिल्में और वेब सीरीज का आगमन होता है। इस बार हम आपके लिए 23 से 28 फरवरी के बीच आने वाली फिल्मों और सीरीज की जानकारी लेकर आए हैं।
इस हफ्ते हिंदी, मलयाली और अंग्रेजी भाषाओं की फिल्मों और सीरीज का भरपूर मजा मिलेगा, जिसमें थ्रिलर और सस्पेंस का तड़का देखने को मिलेगा।
प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'द ब्लफ' 25 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। यह फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी। इस एक्शन और सस्पेंस से भरी कहानी में प्रियंका एक समुद्री डाकू का किरदार निभा रही हैं, जिसका जीवन उस समय बदल जाता है जब उनका पूर्व प्रेमी अचानक सामने आ जाता है। यह कहानी बदले और खजाने की खोज पर आधारित है, जो एक द्वीप पर छिपा हुआ है।
जियो हॉटस्टार पर 23 फरवरी को 'पैराडाइज' का दूसरा सीजन आएगा। इस सीजन में पहले सीजन की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा, जिसमें सीक्रेट सर्विस एजेंट ज़ेवियर कॉलिन्स को यह पता चलता है कि उनकी पत्नी टेरी जिंदा है, लेकिन उनकी लोकेशन अज्ञात है। इस सीरीज में पत्नी की खोज और कई चौंकाने वाले खुलासे दर्शकों को हैरान कर देंगे।
एक्शन-ड्रामा 'वन बैटल आफ्टर अनदर' 26 फरवरी से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। इस फिल्म में लियोनार्डो डिकैप्रियो, टेयाना टेलर, शॉन पेन, रेजिना हॉल और बेनिसियो डेल टोरो जैसे सितारे शामिल हैं, जिसमें एक लड़की के अपहरण की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में रोमांस के साथ-साथ दुश्मनों से लड़ाई भी देखने को मिलेगी।
नेटफ्लिक्स पर 'ब्रिजर्टन' सीजन 4 का दूसरा भाग 26 फरवरी को स्ट्रीम होगा। इस भाग में बेनेडिक्ट ब्रिजर्टन (ल्यूक थॉम्पसन) और सोफी (येरिन हा) की प्रेम कहानी के कई रंग देखने को मिलेंगे, जिसमें प्यार और तकरार दोनों शामिल हैं।
कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा की मुख्य भूमिका वाली ड्रामा 'अक्यूज्ड' 27 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। यह कहानी लंदन की एक सम्मानित सर्जन डॉ. गीतिका के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर यौन दुराचार के आरोप लगे हैं। कहानी में नए मोड़ आते हैं, जो दर्शकों को बांधे रखेंगे।
मलयालम सीरीज 'रोस्लिन: सीक्रेट स्टोरीज अनफोल्ड' भी जियो हॉटस्टार और ओटीटी प्ले प्रीमियम पर रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म मलयालम के अलावा अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध होगी।
.png)