उर्वशी रौतेला का नया किरदार: 'इंस्पेक्टर अविनाश' में छिपा संघर्ष और भावनात्मक गहराई!
उर्वशी रौतेला की वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' का दूसरा सीजन
मुंबई, 8 मई। अभिनेत्री उर्वशी रौतेला इन दिनों अपनी वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' के दूसरे सीजन को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनका किरदार पहले से अधिक भावनात्मक रूप से गहरा और मजबूत नजर आएगा। उर्वशी ने बताया कि उनके किरदार की सबसे बड़ी ताकत 'चुप्पी में छिपा संघर्ष' है। उनके किरदार की बाहरी शांति के पीछे एक निरंतर मानसिक संघर्ष छिपा हुआ है।
उर्वशी ने अपने किरदार पूनम मिश्रा के बारे में कहा, ''इस सीजन में मेरा किरदार केवल एक सहायक पत्नी का नहीं है, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति का है जो अंदर ही अंदर बहुत कुछ सहन कर रहा है। इस बार मेरे किरदार की मुख्य भावना 'साइलेंस में सर्वाइवल' है, यानी ऐसा किरदार जो बिना शोर किए, अपनी भावनाओं को छिपाते हुए, परिस्थितियों का सामना करता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''क्राइम ड्रामा में आमतौर पर लोग केवल हिंसा और एक्शन पर ध्यान देते हैं, लेकिन असली कहानी उसके पीछे छिपे डर और अकेलेपन की होती है। मेरे किरदार में भावनात्मक अकेलापन और खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश दिखाई देती है। यही कारण है कि इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक अनोखा अनुभव रहा है।''
उर्वशी ने कहा, ''मुझे इस किरदार में जो सबसे ज्यादा आकर्षित करता है, वह उसके इमोशन्स हैं। वह सोच-समझकर और धैर्य के साथ आगे बढ़ती है। असली ताकत हमेशा जोर से बोलने या लड़ने में नहीं होती, बल्कि कई बार चुप रहकर भी हालात को संभालना सबसे बड़ी ताकत होती है। यही बात इस किरदार को खास बनाती है।''
वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' का पहला सीजन 2023 में रिलीज हुआ था, जिसमें मुख्य भूमिका अभिनेता रणदीप हुड्डा ने निभाई थी। यह सीरीज एक सच्ची घटना पर आधारित है और उत्तर प्रदेश के एक तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी अविनाश मिश्रा की कहानी को दर्शाती है, जो राज्य में अपराध को समाप्त करने के लिए प्रयासरत है।
पहले सीजन का निर्देशन नीरज पाठक ने किया था और इसमें कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' 15 मई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।
.png)