‘गुल्लक 5’ में अनंत वी. जोशी का धमाकेदार आगमन, जानें क्या है खास!
अनंत वी. जोशी की एंट्री से गुल्लक 5 में नया रंग
मुंबई, 8 मई। दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाला ओटीटी शो ‘गुल्लक’ का पांचवां सीजन जल्द ही सोनी लीव पर प्रसारित होने वाला है। इस नए सीजन में एक नया किरदार देखने को मिलेगा। मिश्रा परिवार के प्रिय सदस्य अन्नू भैया का किरदार अनंत वी. जोशी निभाएंगे।
अनंत जोशी ने आनंद “अन्नू” मिश्रा के रूप में इस सीजन में कदम रखा है, और उनके अभिनय का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ‘गुल्लक’ अपनी सरलता, पारिवारिक प्रेम और रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी घटनाओं के लिए जाना जाता है। इस बार मिश्रा निवास के दरवाजे फिर से खुलने जा रहे हैं, जिसमें पुराने किरदारों के साथ एक नया चेहरा भी शामिल होगा। अनंत वी. जोशी अन्नू भैया की मासूमियत और भावनात्मक गहराई को दर्शाएंगे।
इस सीरीज में शामिल होने पर अनंत वी. जोशी ने कहा, “गुल्लक हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है, क्योंकि मिश्रा परिवार मुझे अपने परिवार की याद दिलाता है। उनकी गर्मजोशी और सरलता मुझे बहुत भाती है। मैं लंबे समय से इस शो का प्रशंसक रहा हूं, इसलिए अब इसका हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत खास है।”
उन्होंने यह भी बताया कि इस सीजन में अन्नू भैया के किरदार में उनके जीवन के अधिक परिपक्व पहलुओं को दर्शाया जाएगा। अनंत ने कहा, “पहले दिन से ही पूरी टीम ने मुझे प्यार और गर्मजोशी से स्वागत किया। मैं ‘गुल्लक’ परिवार का हिस्सा बनकर आभारी हूं और दर्शकों के साथ इस नए सीजन का अनुभव करने के लिए उत्साहित हूं।”
‘द वायरल फीवर’ द्वारा निर्मित ‘गुल्लक 5’ में अनंत वी. जोशी के साथ जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, हर्ष मायर और सुनीता राजवार जैसे कलाकार भी अपनी भूमिकाओं में लौट रहे हैं। मेकर्स का मानना है कि अनंत वी. जोशी के जुड़ने से शो में नई ऊर्जा और रोचकता आएगी।
‘गुल्लक’ भारत के सबसे लंबे समय तक चलने वाले पसंदीदा ओटीटी शोज में से एक है। इसकी बेहतरीन कहानी और अद्भुत अभिनय के लिए यह शो दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। नए सीजन में परिवार की पुरानी मिठास के साथ नई कहानियां और मोड़ देखने को मिलेंगे।
.png)