सैफ अली खान और प्रतीक गांधी की जोड़ी: नेटफ्लिक्स पर 'हम हिंदुस्तानी' का अनोखा सफर!
नेटफ्लिक्स की नई वेब सीरीज 'हम हिंदुस्तानी'
मुंबई, 04 फरवरी (वेब वार्ता)। नेटफ्लिक्स जल्द ही एक नई वेब सीरीज 'हम हिंदुस्तानी' पेश करने जा रहा है, जिसमें अभिनेता सैफ अली खान और प्रतीक गांधी पहली बार एक साथ नजर आएंगे। यह पीरियड ड्रामा स्वतंत्र भारत के पहले लोकतांत्रिक चुनाव की अनकही कहानी को उजागर करेगा।
यह सीरीज उस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक क्षण को जीवंत करेगी, जिसने भारतीय लोकतंत्र की नींव रखी। इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे आजाद भारत में अधिकारियों की एक टीम अराजकता और चुनौतियों के बीच देश का पहला आम चुनाव आयोजित करने के लिए संघर्ष करती है।
सीरीज की कहानी वास्तविक घटनाओं पर आधारित है और यह उन लोगों की मेहनत, विश्वास और साहस को दर्शाती है जिन्होंने भारत के लोकतंत्र की स्थापना की। टीम का मानना है कि यह सीरीज न केवल दर्शकों का मनोरंजन करेगी, बल्कि युवाओं को यह भी बताएगी कि भारत का लोकतंत्र कितनी मेहनत और संघर्ष से बना।
टीम ने कहा, “हर भारतीय को वोट देने का अधिकार है, और यह देश के सबसे महत्वपूर्ण वादों में से एक है। यही 'हम हिंदुस्तानी' में दर्शाया गया है।
इस ऐतिहासिक घटना को जमीनी स्तर पर दिखाना हमारी जिम्मेदारी और सौभाग्य दोनों है। यह विश्वास, साहस और सामूहिक प्रयास की कहानी है, जिसने आज के भारत को आकार दिया।
हमें राहुल ढोलकिया के विजन को नेटफ्लिक्स पर लाने और इस महत्वपूर्ण अध्याय को दर्शकों के सामने पेश करने पर गर्व है। हम इसके लिए बेहद उत्साहित हैं।”
‘हम हिंदुस्तानी’ के निर्देशक और लेखक राहुल ढोलकिया हैं, जिनकी फिल्में सामाजिक मुद्दों पर गहरी नजर रखती हैं। इस सीरीज का निर्माण एम्मे एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है, जिसमें मोनिशा आडवाणी, मधु भोजवानी और निखिल आडवाणी प्रमुख निर्माता हैं।
सीरीज में सैफ अली खान और प्रतीक गांधी के अलावा दीपक डोबरियाल, मिमी चक्रवर्ती, सारिका और श्रद्धा डांगर जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
.png)